कभी हत्याकांड में आया नाम, तो कभी जमीन विवाद में…कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू का विवादों से है पुराना नाता

कभी हत्याकांड में आया नाम, तो कभी जमीन विवाद में…कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू का विवादों से है पुराना नाता


देहरादून: उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर से विधायक रेखा आर्या ने अपने ही पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून में एफआईआर दर्ज कराई है. इस मामले के सामने आने के बाद गिरधारी लाल साहू एक बार फिर चर्चा में हैं. हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब उनका नाम किसी विवाद या मुकदमे से जुड़ा हो. इससे पहले भी उनके खिलाफ हत्या, जमीन से जुड़े विवाद, धोखाधड़ी और धमकी जैसे मामलों में आरोप लग चुके हैं.

अब मंत्री पत्नी की शिकायत में भी धोखाधड़ी, साजिश रचने, धमकी देने, मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने जैसे आरोप लगाए गए हैं. इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, यह जांच पर निर्भर करेगा. वहीं, गिरधारी लाल साहू का नाम पहले भी कई चर्चित मामलों में सामने आ चुका है. आइए जानते हैं, कौन-कौन से विवाद उन्हें पहले सुर्खियों में ला चुके हैं.

जैन दंपती हत्याकांड में आया था नाम
गिरधारी लाल साहू मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं. 11 जून 1990 को बरेली में कारोबारी नरेश जैन और उनकी पत्नी पुष्पा जैन की हत्या हुई थी. इस चर्चित जैन दंपती हत्याकांड के मामले में गिरधारी लाल साहू का नाम सामने आया था. जमीन से जुड़े कुछ मामलों में भी उनका नाम आया. इस संबंध में एफआईआर दर्ज होने की बात कही गई है. बताया जाता है कि मामला अदालत में विचाराधीन है.

जमीन के विवादों में भी जुड़ा नाम
गिरधारी लाल साहू का नाम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक जमीन से जुड़े कई विवादों में सामने आया है. उन पर कुछ मामलों में लोगों की जमीन पर कब्जा करने और धमकी देने जैसे आरोप भी लगे. उत्तराखंड हाईकोर्ट के 23 जनवरी 2017 के आदेश के मुताबिक, साल 2016 में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ जमीन के लेनदेन से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज हुए थे. इनमें धोखाधड़ी और धमकी जैसे आरोप शामिल थे. इनमें से तीन एफआईआर नवंबर 2016 में समझौते के आधार पर निरस्त कर दी गई थीं.

श्रीलंका ले जाने और किडनी निकलवाने का आरोप
अक्टूबर 2017 में गिरधारी लाल साहू के पूर्व कर्मचारी ने उनके खिलाफ एक गंभीर शिकायत की थी. कर्मचारी का आरोप था कि साहू उसे श्रीलंका घुमाने के बहाने ले गए और वहां धोखे से उसकी किडनी निकलवा ली. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि बाद में उसे नौकरी से निकाल दिया गया. यह मामला उस समय काफी चर्चा में रहा था.

बिहार की बेटियों पर टिप्पणी से हुआ था विवाद
कुछ महीने पहले गिरधारी लाल साहू अपनी पत्नी रेखा आर्या के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर में एक सभा के दौरान दिए गए बयान को लेकर विवादों में आ गए थे. आरोप है कि उन्होंने बिहार की लड़कियों को खरीदकर लाने जैसी अभद्र टिप्पणी की थी. इस बयान के बाद उत्तराखंड से लेकर बिहार तक खूब सियासी बवाल हुआ था.

शादी और निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा
इसके अलावा गिरधारी लाल साहू की निजी जिंदगी भी विवादों में रही है. खबरों के मुताबिक, रेखा आर्या से पहले उनकी दो शादियां हो चुकी थीं और रेखा आर्या उनकी तीसरी पत्नी हैं. उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी समय-समय पर कई तरह की चर्चाएं सामने आती रही हैं. उनपर आरोप है कि तीन पत्नियां होने के बावजूद भी उनके दूसरी महिलाओं और लड़कियों से संपर्क है. इतना ही नहीं पिछले दिनों बरेली में उत्तराखंड सरकार लिखी एक कार में घूम रही महिला को लेकर भी खूब चर्चा हुई थी. महिला कार में घूमते हुए खूब रौब दिखाती हुई दिखी थी.

बरेली में मछली पालन से जुड़ा मामला
गिरधारी लाल साहू का नाम बरेली में मछली पालन से जुड़े एक विवाद में भी सामने आया था. आरोप था कि उनके तालाबों में ऐसी मछलियां डाली गईं, जो उत्तराखंड के मछली पालक किसानों के लिए उपलब्ध कराई जानी थीं. इस मामले में मछलियों के आवंटन और उनके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे थे. फिलहाल, रेखा आर्या की ओर से दर्ज कराई गई नई एफआईआर के बाद यह मामला फिर चर्चा में है. अब पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल करेगी. मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तय होगी.



Source link