सऊदी अरब जाने वाली एयर इंडिया की सभी फ्लाइट्स 20 अक्टूबर तक कैंसिल
Last Updated:
Air India Flight News: सऊदी अरब में सुरक्षा के हालात काफी संवेदनशील हैं. हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी के महत्वूर्ण इंटरनेशनल एयरपोर्ट को टार्गेट किया गया है. इससे हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. इन सबके बीच एयर इंडिया ने फ्लाइट ऑपरेशन को लेकर बड़ा फैसला किया है.
एयर इंडिया ने सऊदी अरब जाने वाली सभी उड़ानों को 20 अक्टूबर 2026 तक के लिए कैंसिल कर दिया है. (फाइल फोटो)
Air India Flight News: ईरान जंग खतरनाक मोड़ तक पहुंच चुकी है. होर्मुज स्ट्रेट से लेकर बाब अल-मंदेब तबाही का आलम है. पश्चिम एशिया से अन्य देशों तक तेल और गैस के साथ ही अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है. उधर, हूतियों ने सऊदी अरब का जीना मुहाल कर दिया है. सऊदी के क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार हमले किए जा रहे हैं. यहां तक कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी नहीं बख्शा गया. इससे हालात बेहद संवेदनशील हो चुके हैं. सुरक्षा के मौजूदा हालात को देखते हुए देश की महत्वपूर्ण विमानन कंपनी एयर इंडिया ने अहम फैसला किया है. एयर इंडिया ने सऊदी अरब जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 20 अक्टूबर 2026 तक के लिए रद्द कर दिया है.
क्षेत्र में बदलते सुरक्षा हालात के मद्देनजर भारतीय विमानन कंपनियों एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के कई प्रमुख शहरों के लिए आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है. दोनों एयरलाइंस ने शुक्रवार को एक्स पर यात्रा संबंधी परामर्श जारी कर इसकी जानकारी दी. इससे सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने की योजना बना रहे यात्रियों को अपनी यात्रा में बदलाव करना पड़ सकता है. एयर इंडिया ने कहा कि सऊदी अरब में बदलती परिस्थितियों को देखते हुए रियाद, दम्माम और जेद्दा से आने-जाने वाली उसकी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी. कंपनी ने प्रभावित यात्रियों को टिकट का पूरा पैसा वापस करने की पेशकश की है. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी लिया फैसला
इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी दम्माम, जेद्दा और रियाद के लिए उड़ानों का निलंबन 20 अक्टूबर तक बढ़ाने की घोषणा की. कंपनी ने कहा कि वह क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और जरूरत के अनुसार अपने परिचालन की समीक्षा कर बदलाव करेगी. प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. एयरलाइन ने यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने या टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है. इससे पहले, गुरुवार को इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी. कंपनी ने कहा था कि स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है. वहीं, अकासा एयर ने रियाद के लिए उड़ानों का निलंबन 24 अक्टूबर और जेद्दा के लिए 21 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है. प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया जाएगा.
यात्री रखें इस बात का ख्याल
एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच कर लें और एयरलाइन के पास अपना संपर्क विवरण अद्यतन रखें. कंपनियों ने कहा कि उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने का फैसला क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा. फिलहाल यात्रियों को यात्रा संबंधी किसी भी बदलाव के लिए संबंधित एयरलाइन की आधिकारिक सूचना पर नजर रखने की सलाह दी गई है.