हिमाचल प्रदेश में बर्फबारीः लाहौल घाटी से 100 वाहन रेस्क्यू, चंबा में महिला की मौत, केलांग में माइनस 1.7 डिग्री में लुढ़का पारा

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारीः लाहौल घाटी से 100 वाहन रेस्क्यू, चंबा में महिला की मौत, केलांग में माइनस 1.7 डिग्री में लुढ़का पारा


शिमला. हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, चंबा,  मनाली और कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में 15 अक्तूबर को को ताजा बर्फबारी से प्रदेशभर में ठंड बढ़ गई है. इस दौरान निचले एवं मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई. बर्फबारी के चलते लाहौल स्पीति के केलांग में न्यूनतम पारा -1.7 डिग्री तक लुढक गया है.

चंबा में पत्थर गिरने से एक गाड़ी खाई में गिर गई और महिला की मौत हो गई. लालौह स्पीति में शिंकुला और लेह मनाली हाईवे पर बर्फबारी के चलते बड़ी संख्या में सैलानी और गाड़ियां फंस गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने रेस्क्यू किया. शुक्रवार को प्रदेशभर में धूप खिली है और लाहौल घाटी में वादियां धूप के बीच चांदी सी चमक रही हैं.

शुक्रवार को शिमला के मौसम विभाग ने सुबह 10 बजे बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि बीते 12 घंटे में मनाली के कोठी में 26.2 एमएम बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा, चंबा के जोत में 20.0, मंडी के पंडोह में 20.0, कुकुमसेरी में 18.5 और मनाली में 17.0 एमएम बरसात हुई है.

जानकारी के अनुसार, लाहौल और स्पीति के शिंकु ला, बारालाचा ला, कुंजुम ला, कोकसर, जिस्पा, केलांग और गोंदला में बर्फबारी हुई. इसके अलावा चंबा के सुरल और साच दर्रे तथा कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वत शृंखलाओं में भी बर्फ गिरी है. इस ताजा बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले दर्रों पर सड़कें फिसलन भरी होने से यात्रा का जोखिम बढ़ गया है. इसके चलते रोहतांग दर्रे से सरचू; दारचा से शिंकु ला और ग्रामफू से बटाल जाने वाली सड़कों को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था.

खबरों के मुताबिक, पांगी घाटी के सुरल में तीन इंच बर्फ दर्ज की गई, जबकि साच दर्रे में लगभग एक फुट बर्फबारी हुई. सुरक्षा के लिहाज से साच दर्रे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने कहा कि शिंकु ला, बारालाचा ला और कुंजुम ला की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है.

अटल टनल के नार्थ पोटर्ल पर बर्फबारी.

लाहौल घाटी में लोगों को एडयवाजरी

लाहौल-स्पीति पुलिस ने पर्यटकों एवं सभी लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर जाने से पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने का अनुरोध किया है. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए लोगों से यातायात और मौसम संबंधी परामर्श का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है. बर्फबारी के बाद लाहौल और स्पीति के गोंदला के पास फंसे लगभग 100 वाहनों को पुलिस टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मनाली की अटल टनल के पास ताजा बर्फबारी.

पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

समय से पहले हुई इस बर्फबारी से पर्यटन कारोबारियों और इससे जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं. उन्हें आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. मौसम में आए इस बदलाव से मनाली और धर्मशाला के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. ठंड बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिये हैं और अलाव जलाना शुरू कर दिया है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि लाहौल-स्पीति और मनाली की चोटियों पर अक्टूबर के महीने में हुई यह बर्फबारी ग्लेशियर, पर्यटन और खेती के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी. मौसम विभाग ने शनिवार तक राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है. 17 से 22 अक्तूबर तक प्रदेश में धूप खिलेगी और मौसम साफ रहेगा. शुक्रवार सुबह मनाली में न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री और शिमला में 11 डिग्री दर्ज हुआ है.
हिमाचल में अगले पांच दिन मौसम साफ रहेगा.

तापमान में आ सकती है गिरावट

शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि मौसम की गतिविधियां कम होने के बाद मैदानी और मध्यवर्ती जिलों में तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 16 और 17 अक्टूबर को तापमान सामान्य से कुछ कम रह सकता है. 18 अक्टूबर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने का पूर्वानुमान है.



Source link