Appe: बचे चावल से बनाएं क्रिस्पी अप्पे, नोट करें ये सुपर ईजी रेसिपी

Appe: बचे चावल से बनाएं क्रिस्पी अप्पे, नोट करें ये सुपर ईजी रेसिपी


Leftover Rice Appe Recipe: अक्सर घर में चावल बच जाते हैं और समझ नहीं आता कि उनका क्या किया जाए. कई बार लोग बचे हुए चावल को दोबारा गर्म करके खा लेते हैं, तो कभी उन्हें फेंकने तक की नौबत आ जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन चावलों से एक स्वादिष्ट और कुरकुरा नाश्ता तैयार किया जा सकता है? जी हां, बासी चावल से आप आसानी से क्रिस्पी अप्पे बना सकते हैं. इन्हें बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत करने या रसोई में घंटों बिताने की जरूरत नहीं है.

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें चावल के साथ सूजी और दही का इस्तेमाल किया जाता है. सब्जियां और मसाले मिलाने से अप्पे का स्वाद और भी बढ़ जाता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये अप्पे सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक के लिए अच्छा विकल्प हैं. इन्हें बनाने के लिए आपको बस कुछ सामान्य सामग्री और अप्पे पैन की जरूरत होगी. तो आइए जानते हैं बचे हुए चावल से क्रिस्पी अप्पे बनाने की आसान रेसिपी.

बचे हुए चावल से क्रिस्पी अप्पे बनाने का तरीका
सामग्री

  • 1 कप पके हुए चावल
  • आधा कप सूजी (रवा)
  • 1 स्कूप दही
  • 1 प्याज, बारीक कटा हुआ
  • आधी हरी शिमला मिर्च, बारीक कटी हुई
  • आधी पीली शिमला मिर्च, बारीक कटी हुई
  • 1 टमाटर, बारीक कटा हुआ
  • 1 बड़ा चम्मच हरी मिर्च, स्वादानुसार
  • आधा छोटा चम्मच नमक या स्वादानुसार
  • आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • आधा बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
  • थोड़ी सी हरी धनिया की पत्तियां
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • अप्पे पैन में लगाने के लिए थोड़ा सा तेल

विधि
सबसे पहले एक मिक्सर जार में पके हुए चावल, सूजी और दही डालें. अब इसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें. ध्यान रखें कि पेस्ट न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. जरूरत पड़ने पर थोड़ा और पानी मिला सकते हैं.

तैयार पेस्ट को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें बारीक कटा प्याज, हरी और पीली शिमला मिर्च, टमाटर और हरी मिर्च डालें. इसके बाद नमक, जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और हरी धनिया की पत्तियां मिलाएं. सभी सामग्री को अच्छी तरह चलाकर एकसार कर लें.

बैटर को तैयार करने के बाद 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इससे सूजी नमी सोख लेगी और बैटर अप्पे बनाने के लिए तैयार हो जाएगा.

अब अप्पे पैन को गर्म करें और हर खाने में थोड़ा सा तेल लगाएं. तैयार बैटर को पैन के सभी खानों में डालें. पैन को ढककर मध्यम से धीमी आंच पर पकाएं, जब तक अप्पे नीचे से सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं.

जब अप्पे एक तरफ से पक जाएं, तो उन्हें सावधानी से पलट दें. दूसरी तरफ से भी सुनहरा और अच्छी तरह पकने तक सेंकें. तैयार क्रिस्पी अप्पे को प्लेट में निकाल लें और इसे हरी चटनी, नारियल की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें.

इस बात का ध्यान रखें
ये आसान रेसिपी बचे हुए चावल का इस्तेमाल करने का एक स्वादिष्ट तरीका है. लेकिन ध्यान रखें कि बासी चावल को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पकने के बाद जल्द ठंडा करके फ्रिज में रखें और लंबे समय तक कमरे के तापमान पर रखे चावल का इस्तेमाल न करें.



Source link