Last Updated:
Tej Pratap Yadav: तेज प्रताप यादव ने अब इशारों-इशारों में अनुष्का यादव पर पलटवार किया है. उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि- “मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान नहीं देता.” बता दें कि, गुरुवार रात पटना में एक प्रोग्राम में अनुष्का यादव ने मीडिया से बातचीत की. जिसमें उन्होंने कहा था कि – हमने पोस्ट नोटिस नहीं किया. मेरे पास इतना फालतू टाइम नहीं है. मेरा सारा समय मेरी बेटी के साथ होता है…
तेज प्रताप यादव.
पटनाः तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव के बयान पर पलटवार किया. तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बिना किसी का नाम लिए विरोधियों पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे. तेज प्रताप यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘मैं गंदी नाली के कीड़ों पर ध्यान देना अपनी शान के खिलाफ समझता हूं. कौन मेरे बारे में क्या बोलता है, कौन क्या सोचता है, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता.’
तेज प्रताप यादव ने आगे लिखा कि वह अपने शो और काम में व्यस्त हैं. उनका पूरा ध्यान अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने पर है. कुछ लोगों को उनकी तरक्की देखकर जलन होती है, तो होती रहे. उनका काम जवाब देना नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और सफलता से इतिहास रचना है. मालूम हो कि अनुष्का यादव ने गुरुवार रात मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप से जुड़े विवाद पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें तेज प्रताप के पोस्ट और ट्वीट पर ध्यान देने का समय नहीं है. उन्होंने इसे पारिवारिक मामला बताते हुए इस पर ज्यादा कुछ बोलने से इनकार किया था. अब तेज प्रताप की इस पोस्ट को अनुष्का के बयान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.
तेज प्रताप यादव ने फेसबुक पोस्ट किया.
अनुष्का यादव ने क्या बयान दिया था
अनुष्का यादव ने कहा कि- “उन्होंने क्या पोस्ट किया और क्या ट्वीट किया, हमने नोटिस नहीं किया. मेरे पास इतना फालतू टाइम नहीं है. मेरा सारा समय मेरी बेटी के साथ होता है. अभी तक जितनी भी कॉन्ट्रोवर्सी सुन रहे हैं, उन सभी चीजों के लिए मैं उन्हें दिल से धन्यवाद देती हूं. मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करती हूं. प्रेस कॉन्फ्रेंस भी वही करते हैं. वे क्या करते हैं और क्या नहीं, उनसे पूछिए. वे आपको अच्छे तरीके से जवाब देंगे. हम इन सारी चीजों पर कुछ नहीं बोलना चाहते. वे खुद कभी इन बातों को खारिज करते हैं, तो कभी स्वीकार करते हैं. उनके बारे में वही बेहतर बता पाएंगे. उस दिन वे हमारे घर आए थे. मेरे भैया घर पर नहीं थे. उनके साथ मोतीलाल जी और उनके पीए थे. वे हमारे घर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश किए. हम इन चीजों को मीडिया के सामने नहीं रखना चाहते. यह हमारा पारिवारिक मामला है, जिसे सार्वजनिक नहीं करना चाहते. हमें न्यायालय पर भरोसा है. वही सब कुछ तय करेगा. हमारे भाई ने एफआईआर की है और केस किया है. मेरे हक के लिए मेरे बड़े भाई हैं. मेरे लिए सब कुछ मेरी बेटी उज्जैनी है. आगे क्या करना है या नहीं, वह समय बताएगा.”
तेज प्रताप का अनुष्का संग रिलेशन
तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिलेशन की चर्चा 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुरू हुई. तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट से अनुष्का के साथ एक तस्वीर पोस्ट की गई थी. पोस्ट में दोनों के 12 साल से रिश्ते में होने का दावा किया गया था. तस्वीर वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई. हालांकि, तेज प्रताप ने बाद में अपना अकाउंट हैक होने का दावा किया. इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए बाहर कर दिया गया था.