घर बनाना हो या खोलना हो कारोबार, कानपुर में KDA बेच रहा 844 प्लॉट, जानें रजिस्ट्रेशन और बोली की तारीख

घर बनाना हो या खोलना हो कारोबार, कानपुर में KDA बेच रहा 844 प्लॉट, जानें रजिस्ट्रेशन और बोली की तारीख


अपना घर बनाने के लिए जमीन तलाश रहे हैं या फिर कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) आपके लिए बड़ा मौका लेकर आया है. नवरात्र और दशहरा के मौके पर प्राधिकरण ने शहर की अलग-अलग योजनाओं में खाली पड़े 844 आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है. खास बात यह है कि इसमें छोटे प्लॉट से लेकर स्कूल-कॉलेज, नर्सिंग होम, होटल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए बड़े भूखंड भी शामिल हैं यानी घर बनाने वालों के साथ कारोबारियों और निवेश करने वालों को भी अपनी जरूरत के हिसाब से जमीन खरीदने का मौका मिलेगा.

केडीए की उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के अनुसार, इन भूखंडों का ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया है. इच्छुक लोग अपनी पसंद की योजना, भूखंड का आकार, निर्धारित दर और दूसरी शर्तें देखकर बोली में हिस्सा ले सकते हैं.

न्यू ट्रांसपोर्ट नगर में सबसे ज्यादा 220 व्यावसायिक भूखंड

इस ई-नीलामी में न्यू ट्रांसपोर्ट नगर में 220 व्यावसायिक भूखंड रखे गए हैं. इसके अलावा महावीर नगर विस्तार में 125 व्यावसायिक भूखंड और 88 आवासीय भूखंड शामिल हैं. शताब्दी नगर के सेक्टर तीन और चार में 42 आवासीय भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रामगंगा इंक्लेव में 20 आवासीय भूखंड रखे गए हैं. तात्या टोपे नगर में 21 व्यावसायिक भूखंड भी खरीद के लिए शामिल हैं. भागीरथी-जाह्नवी योजना में 97 व्यावसायिक भूखंडों का विकल्प मिलेगा.

30 वर्गमीटर से लेकर हजारों वर्गमीटर तक जमीन

केडीए की इस योजना में छोटे प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों से लेकर बड़े कारोबारी निवेशकों तक के लिए विकल्प हैं. भूखंडों का आकार 30 वर्गमीटर से शुरू होकर कई हजार वर्गमीटर तक है. आवासीय भूखंडों के अलावा व्यावसायिक परिसर, दुकान, होटल, ग्रुप हाउसिंग, स्वास्थ्य केंद्र, नर्सिंग होम और शैक्षणिक संस्थानों के लिए जमीन शामिल है. जवाहरपुरम और शताब्दी नगर में स्कूल-कॉलेज के लिए भी भूखंड रखे गए हैं. अलग-अलग योजनाओं में निर्धारित दरें भी अलग हैं. इसलिए खरीदने से पहले संबंधित भूखंड की वास्तविक कीमत और शर्तें देखना जरूरी है.

ऑनलाइन पंजीकरण और बोली की तारीखें तय

ई-नीलामी के लिए पंजीकरण 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शुरू हुआ है. इसकी अंतिम तारीख 16 नवंबर शाम पांच बजे तक निर्धारित है. वहीं ऑनलाइन बोली 16 अक्टूबर सुबह 11 बजे से शुरू होकर 17 नवंबर शाम पांच बजे तक चलेगी. इच्छुक लोग केडीए की आधिकारिक वेबसाइट [www.kdaindia.co.in](http://www.kdaindia.co.in) पर जाकर ई-नीलामी वाले विकल्प में भूखंडों की जानकारी देख सकते हैं. आवेदन से पहले पंजीकरण, जरूरी दस्तावेज, जमा राशि और भुगतान से जुड़ी शर्तों को ध्यान से पढ़ना होगा.

हाईवे सिटी विस्तार और न्यू कानपुर सिटी पर भी नजर

इसके साथ ही हाईवे सिटी विस्तार योजना में 96 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की तैयारी भी है. वहीं न्यू कानपुर सिटी योजना को दीपावली के आसपास शुरू करने की तैयारी है. प्रस्तावित योजना में छोटे भूखंडों को भी शामिल करने की बात कही गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में जमीन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के सामने और विकल्प खुल सकते हैं.

केडीए की इस पहल से शहर में घर बनाने और कारोबार के लिए जमीन तलाश रहे लोगों को अवसर मिलेगा. हालांकि, ई-नीलामी में भूखंड मिलने की गारंटी नहीं है. अंतिम कीमत बोली के आधार पर तय होगी. इसलिए लोगों को अपनी आर्थिक स्थिति और जरूरत के हिसाब से ही बोली लगानी चाहिए.



Source link