नई दिल्लीः करवाचौथ, नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहारों का सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में कपड़ों और ज्वेलरी के साथ चूड़ियों की शॉपिंग भी शुरू हो जाती है. किसी को साड़ी के साथ मैचिंग चूड़ियां चाहिए, तो कोई गरबा नाइट के लिए कलरफुल बैंगल्स ढूंढ रहा है. वहीं करवाचौथ पर लाल चूड़ियों से लेकर दिवाली पर ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ पहनने के लिए फैंसी बैंगल्स तक, बाजारों में खूब वैरायटी मिलती है. अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन में चूड़ी-बैंगल खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो दिल्ली की इन 5 जगहों को अपनी शॉपिंग लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
सीपी में हनुमान मंदिर के पास चूड़ी बाजार
कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर के आसपास लगने वाले चूड़ी बाजार में आपको रंग-बिरंगी और फैंसी चूड़ियों के कई ऑप्शन देखने को मिलते हैं. यहां ट्रेडिशनल कांच की चूड़ियों के साथ अलग-अलग डिजाइन की बैंगल्स भी मिलती हैं. करवाचौथ के लिए लाल और मैरून चूड़ियां, नवरात्रि के लिए रंग-बिरंगे सेट और दिवाली के लिए फैंसी बैंगल्स तलाश रही हैं, तो यहां घूमकर कई डिजाइन देख सकती हैं.
सदर बाजार
चूड़ी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की शॉपिंग के लिए सदर बाजार भी काफी बड़ा मार्केट है. यहां सिंपल कांच की चूड़ियों से लेकर फैंसी, स्टोन वाली और मेटल बैंगल्स तक कई तरह के डिजाइन मिल सकते हैं. त्योहार के लिए ज्यादा चूड़ियां खरीदनी हों या अलग-अलग आउटफिट के हिसाब से कई सेट लेने हों, तो यहां ऑप्शन की कमी नहीं रहती.
चांदनी चौक
चांदनी चौक की चूड़ी और ज्वेलरी की दुकानों में ट्रेडिशनल डिजाइन की भरमार रहती है. लाल, हरी, गोल्डन और मल्टीकलर चूड़ियों के साथ शादी और फेस्टिव लुक वाले सेट भी मिल जाते हैं. करवाचौथ के लिए ट्रेडिशनल चूड़ियां या नवरात्रि के लिए लहंगे के साथ मैचिंग बैंगल्स लेनी हों, तो यहां कई डिजाइन देख सकती हैं.
लाजपत नगर
अगर आपको चूड़ियों में थोड़ा मॉडर्न और ट्रेंडी टच चाहिए, तो लाजपत नगर भी अच्छा ऑप्शन है. यहां ऑक्सीडाइज्ड बैंगल्स, मेटल चूड़ियां, फैंसी डिजाइन और कलरफुल सेट मिलते हैं. नवरात्रि के दौरान गरबा या डांडिया नाइट के लिए लहंगे के साथ बैंगल्स मैच करनी हों, तो यहां कई स्टाइल मिल सकते हैं.
जनपथ मार्केट
जनपथ में ट्रेडिशनल के साथ बोहो स्टाइल की ज्वेलरी और बैंगल्स भी मिलती हैं. यहां कलरफुल, मेटल और ऑक्सीडाइज्ड डिजाइन खासतौर पर पसंद किए जाते हैं. अगर इस बार नवरात्रि में थोड़ा अलग लुक ट्राई करना है या दिवाली पर इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहन रही हैं, तो बैंगल्स के लिए जनपथ घूम सकती हैं.