युवाओं को बिहार की ताकत बनाने के रोडमैप पर बढ़ रही सम्राट सरकार, 5 साल में लगेंगे 10000 उद्योग, 12 लाख प्रवासियों को बिहार में रोकने का प्लान

युवाओं को बिहार की ताकत बनाने के रोडमैप पर बढ़ रही सम्राट सरकार, 5 साल में लगेंगे 10000 उद्योग, 12 लाख प्रवासियों को बिहार में रोकने का प्लान


Last Updated:

Samrat Choudhary on Bihar Migration: सम्राट सरकार बिहार में ही ऐसा माहौल बनाने की तैयारी में है जहां रोजगार के लिए बिहार छोड़ने की जरूरत ही न पड़े. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले पांच साल में बिहार में 10 हजार उद्योग स्थापित करने का बड़ा लक्ष्य रखा है. सरकार अब बिहार से होने वाले पलायन को रोकने के लिए रोजगार का नया औद्योगिक रोडमैप तैयार कर रही है. इसके साथ ही जीविका दीदियों को लेकर भी सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के तारामंडल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज (पूर्वी क्षेत्र) का शुभारंभ किया

बिहार के लोगों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन लंबे समय से रोजगार और उद्योग के मोर्चे पर सबसे बड़ी चुनौती रहा है. अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी चुनौती से निपटने के लिए बड़ा औद्योगिक लक्ष्य सामने रखा है. सरकार की कोशिश है कि उद्योग, स्टार्टअप, तकनीक और उद्यमिता के जरिए राज्य में रोजगार के इतने अवसर पैदा हों कि बाहर मजदूरी करने जा रहे करीब 12 लाख बिहारियों के लिए अपने ही राज्य में काम का रास्ता तैयार हो सके. सरकार का दावा है कि बिहार से करीब 12 लाख लोग मजदूरी और रोजगार के लिए बाहर जा रहे हैं. अब लक्ष्य इन लोगों को बिहार में ही काम देने और बाहर जाने की मजबूरी को खत्म करने का है. इसके लिए अगले पांच साल में 10 हजार उद्योग स्थापित करने की घोषणा की गई है.

10 हजार उद्योग, रोजगार का बड़ा आधार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के तारामंडल में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए अगले पांच वर्षों में 10 हजार उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य घोषित किया. उन्होंने कहा कि बिहार में अब औद्योगिक माहौल तैयार हो चुका है और करीब एक हजार उद्योगों को जमीन भी उपलब्ध कराई जा चुकी है.

अब बिहार में ही काम का लक्ष्य

दरअसल, बिहार के करीब 12 लाख लोग मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के बाहर कोई मजदूरी करने नहीं जाए. इसके लिए उद्योगों और उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है.

युवा शक्ति को विकास की ताकत बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की युवा शक्ति और बड़ी आबादी को चुनौती नहीं, बल्कि विकास की ताकत बनाया जाएगा. सेवा यानी सर्विस, नवाचार यानी इनोवेशन, तकनीक और उद्यमिता को बिहार की विकास यात्रा का आधार बनाने पर जोर दिया जा रहा है.

सरकार की सकारात्मक कोशिश

इसी दिशा में नेशनल इनोवेशन चैलेंज पोर्टल का भी शुभारंभ किया गया. बिहार टेक पोर्टल फॉर इनोवेशन इन आईटी सेक्टर के माध्यम से आईटी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की बात कही गई है. सरकार की कोशिश है कि बिहार के युवाओं को सिर्फ नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी भी बनाया जाए.

एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य

रोजगार और उद्योग के साथ सरकार ने महिला आर्थिक सशक्तीकरण को भी विकास के एजेंडे से जोड़ा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सरकार का रोडमैप युवाओं के रोजगार, उद्यमिता, तकनीक और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को एक साथ आगे बढ़ाने पर केंद्रित है. इससे गांवों और छोटे शहरों में भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने की कोशिश होगी.

पांच साल बाद बदली तस्वीर की तैयारी

बिहार में 10 हजार उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य कितना रोजगार पैदा करेगा, यह आने वाले वर्षों में साफ होगा. फिलहाल सरकार ने औद्योगिक निवेश को जमीन तक पहुंचाने और युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में बड़ा लक्ष्य सामने रखा है.सरकार की कोशिश यही है कि बिहार की युवा आबादी दूसरे राज्यों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के बजाय अपने राज्य के विकास की ताकत बने.



Source link