Last Updated:
Tej Pratap Yadav: पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के लाल तेज प्रताप एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने हाल ही पोस्ट किया था कि पटना के कदमकुआं स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल में उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है. इस पोस्ट पर तेज प्रताप की कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव ने करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि मेरे पास इतना फालतू टाइम नहीं है…
तेज प्रताप यादव के पोस्ट पर अनुष्का यादव का रिप्लाई. (फाइल फोटो)
पटनाः “मेरे पास इतना फालतू टाइम नहीं है. मेरा सारा समय मेरी बेटी के साथ होता है.” तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया पोस्ट पर अनुष्का यादव ने करारा जवाब दिया. उन्होंने तेज प्रताप के आरोपों पर सीधे कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की. अनुष्का पटना में एक प्रोग्राम में पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने पहली बार अपनी बात रखी.
अनुष्का यादव ने कहा कि उन्होंने तेज प्रताप यादव का पोस्ट नहीं देखा है. उनके पास इन सब चीजों के लिए समय नहीं है. वह अपना पूरा समय अपनी बेटी के साथ बिताती हैं. उन्होंने तेज प्रताप से जुड़ी कॉन्ट्रोवर्सी पर भी प्रतिक्रिया दी. अनुष्का ने कहा कि वह इन सभी बातों के लिए तेज प्रताप को दिल से धन्यवाद देती हैं. उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की.
घर में जबरन घुसने का आरोप
अनुष्का यादव ने एक घटना का जिक्र भी किया. उन्होंने कहा कि उस दिन तेज प्रताप उनके घर आए थे. उस समय उनके भाई घर पर नहीं थे. तेज प्रताप के साथ मोतीलाल जी और उनके पीए भी थे. उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनके घर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश की. हालांकि, अनुष्का ने कहा कि वह इन बातों को मीडिया के सामने नहीं रखना चाहतीं. यह उनका पारिवारिक मामला है. वह इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं. उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायालय पर भरोसा है. वही इस मामले में सब कुछ तय करेगा.
‘मेरे हक के लिए मेरे बड़े भाई हैं’
अनुष्का यादव ने बताया कि उनके भाई ने एफआईआर दर्ज कराई है और केस भी किया है. उन्होंने कहा कि उनके हक के लिए उनके बड़े भाई हैं. उनके लिए सबसे अहम उनकी बेटी उज्जैनी है. आगे इस मामले में क्या करना है, यह समय आने पर तय होगा.
दरअसल, तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया था. इसमें उन्होंने दावा किया था कि पटना के कदमकुआं स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल में उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है. इसी जगह पर अनुष्का यादव अपने भाई और बेटी के साथ एक कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंची थीं. तेज प्रताप के पोस्ट के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया.
तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी चर्चा में रही
तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिश्ते की चर्चा 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुरू हुई थी. तेज प्रताप के फेसबुक अकाउंट से अनुष्का के साथ एक तस्वीर पोस्ट की गई थी. पोस्ट में दोनों के 12 साल से रिश्ते में होने का दावा किया गया था. तस्वीर वायरल होने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल मच गई. हालांकि, तेज प्रताप ने बाद में अपना अकाउंट हैक होने का दावा किया. इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी से छह साल के लिए बाहर कर दिया. पार्टी से अलग होने के बाद तेज प्रताप ने अपनी अलग राजनीतिक राह चुनी और सितंबर 2025 में जनशक्ति जनता दल नाम से नई पार्टी बनाई.