Last Updated:
ReadSG campaign Singapore: सिंगापुर सरकार ने लोगों को रील्स और शॉर्ट वीडियो की लत से दूर करने के लिए ‘ReadSG’ अभियान शुरू किया है. इसके तहत रोज 15 मिनट किताब पढ़ने और ऑनलाइन लॉग करने पर वर्चुअल कॉइन मिलते हैं. बाद में इन्हें कैश में बदला जा सकता है. जानिए क्या है अनोखा सरकारी प्लान.
ReadSG Campaign Singapore: सिंगापुर के इस कैंपेन से लोगों की रीडिंग हैबिट बेहतर होगी
नई दिल्ली (ReadSG campaign Singapore). क्या आपने कभी सोचा है कि रील्स और शॉर्ट्स के दौर में कोई सरकार किताबें पढ़ने के लिए पैसे दे सकती है? सुनने में भले ही किसी फिल्मी कहानी जैसा लगे, लेकिन है बिल्कुल सच. डिजिटल दुनिया में ध्यान भटकना आम बात हो गई है. इसीलिए सिंगापुर की सरकार ने एक ऐसा कदम उठाया है जो दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया है. स्मार्टफोन की स्क्रीन पर आंखें गड़ाए रहने वाली पीढ़ी को किताबों की दुनिया में वापस लाने के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की गई है.
शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट ने जिंदगी में इस तरह से जगह बना ली है कि लोगों का फोकस करने का दायरा लगातार कम होता जा रहा है. घंटों रील्स स्क्रॉल करना आदत में शुमार हो चुका है. इसका असर मेंटल हेल्थ और सोचने-समझने की क्षमता पर साफ देखा जा सकता है. इसी समस्या का शानदार और क्रिएटिव सॉल्यूशन निकालते हुए सिंगापुर सरकार ने अपने नागरिकों के लिए खास प्लान तैयार किया है. इसके जरिए पढ़ने का कल्चर फिर से जिंदा किया जा रहा है.
क्या है सिंगापुर की अनोखी ReadSG योजना?
सिंगापुर के नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड (NLB) ने हाल ही में ‘रीडएसजी’ (ReadSG) नाम से नया और धमाकेदार 5 साल का राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को रील्स और शॉर्ट वीडियो की लत से बाहर निकालना है. डिजिटल युग में लोग लंबी किताबें पढ़ने से कतराने लगे हैं. इससे उनकी क्रिटिकल थिंकिंग यानी गंभीर वैचारिक क्षमता कमजोर हो रही है. सरकार के इस कदम से लोगों में रीडिंग स्किल्स डेवलप होंगी.
यह प्लान कैसे काम करता है?
इस योजना के तहत नियम बेहद आसान और मजेदार रखे गए हैं:
- दैनिक लक्ष्य: प्रतिभागी को हर दिन कम से कम 15 मिनट तक कोई अच्छी किताब या लंबा लेख पढ़ना होता है.
- लॉग इन करना: पढ़ने के बाद यूजर को अपने पढ़ने का यह समय सरकारी पोर्टल या वेबसाइट पर दर्ज (Log) करना होता है.
- रिवॉर्ड सिस्टम: हर सफल 15 मिनट के रीडिंग सेशन के बदले यूजर को 20 वर्चुअल कॉइन दिए जाते हैं. सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए एक दिन में केवल एक ही सेशन मान्य होगा.
पैसों का गणित: 50 दिन की मेहनत पर क्या मिलेगा?
अब बात आती है सबसे दिलचस्प यानी पैसों की! योजना के नियमों के मुताबिक, इन वर्चुअल कॉइन्स को आसानी से कैश में बदला जा सकता है:
- कॉइन वैल्यू: 1,000 वर्चुअल कॉइन की कीमत 1 सिंगापुर डॉलर तय की गई है.
- कमाई का चक्र: रोज पढ़ने पर 20 कॉइन मिलते हैं. इसलिए 1,000 कॉइन पूरे करने के लिए 50 दिन तक लगातार 15 मिनट किताब पढ़नी होगी.
भले ही यह रकम बहुत बड़ी न लगे, लेकिन इसका असली मकसद लोगों को अमीर बनाना है भी नहीं. यह पहल उनके अंदर किताब पढ़ने की खूबसूरत और स्थायी आदत डालना है.
एक्सपर्ट की राय और सर्वे के नतीजे
सिंगापुर की नेशनल रीडिंग हैबिट्स स्टडी के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए थे. सर्वे में पता चला कि लोग अब सिर्फ वही कंटेंट देखना पसंद करते हैं जो कुछ सेकंड में खत्म हो जाए, जबकि गंभीर और लंबी किताबें उपेक्षित हो रही हैं. नेशनल लाइब्रेरी बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेलिसा टैम का मानना है कि शॉर्ट कंटेंट भले ही हमें अपडेट रखता हो, लेकिन लंबी किताबें पढ़ने से दिमाग को गहराई से सोचने और कल्पना शक्ति को बढ़ाने की शक्ति मिलती है.