Last Updated:
Jio Financial Services Q2 Results: जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) सालाना आधार पर 85 प्रतिशत की उछाल के साथ ₹574 करोड़ पर पहुंच गया. डिविडेंड कमाई को अलग रखने के बाद कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 51 प्रतिशत बढ़कर ₹489 करोड़ रहा.
कंपनी की कुल कमाई ₹1,699 करोड़ रही.
नई दिल्ली. जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFSL) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं. कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 15 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में दूसरी तिमाही और पूरे वित्त वर्ष की पहली छमाही (H1) के अनऑडिटेड वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी. दूसरी तिमाही में कंपनी के कोर बिजनेस और लोन सेगमेंट में शानदार ग्रोथ देखने को मिली है. डिविडेंड आय को छोड़कर कंपनी की कुल कमाई सालाना आधार पर 132 फीसदी बढ़कर ₹1,699 करोड़ हो गई. जियो फाइनेंशियल की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) शाखा जियो क्रेडिट लिमिटेड का मुनाफ तो सालाना आधार पर 140% बढ़ गया.
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) सालाना आधार पर 85 प्रतिशत की उछाल के साथ ₹574 करोड़ पर पहुंच गया. डिविडेंड कमाई को अलग रखने के बाद कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 51 प्रतिशत बढ़कर ₹489 करोड़ रहा. कंपनी ने ₹340 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया. कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष (2026-27) की पहली तिमाही और पिछले वित्त वर्ष (2025-26) की दूसरी तिमाही के PAT में डिविडेंड आय भी शामिल थी, जबकि इस तिमाही का आंकड़ा कोर वित्तीय गतिविधियों पर आधारित है.
Jio Credit का मुनाफा 140% बढ़ा
जियो फाइनेंशियल की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) शाखा जियो क्रेडिट लिमिटेड का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 140 प्रतिशत उछलकर ₹120 करोड़ हो गया. कंपनी के अनुसार, ग्राहकों को दिए जाने वाले कर्ज के विस्तार से ब्याज आय और मार्जिन दोनों को सहारा मिला है. इसके साथ ही, 30 सितंबर 2026 तक समूह की कुल कंसोलिडेटेड शेयरहोल्डर्स इक्विटी ₹1.3 लाख करोड़ के स्तर पर पहुंच गई है.
पहली छमाही में ₹3,195 करोड़ रही कमाई
अप्रैल से सितंबर 2026 के छह महीनों (H1 FY27) के दौरान डिविडेंड आय को छोड़कर जियो फाइनेंशियल का राजस्व 136 प्रतिशत बढ़कर ₹3,195 करोड़ दर्ज किया गया.इसी तरह ऑपरेटिंग व टैक्स-पूर्व मुनाफा 60 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ₹1,079 करोड़ रहा, जबकि PBT 33 प्रतिशत बढ़कर ₹951 करोड़ पर पहुंचा. पहली छमाही के लिए कंपनी का शुद्ध लाभ (PAT) सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹1,171 करोड़ रहा.
एनबीएफसी AUM 154% उछला
ऑपरेशनल और सेगमेंट-वार मोर्चे पर कंपनी के सभी प्रमुख कारोबारों में तेज बढ़त देखी गई. जियो क्रेडिट का AUM सालाना आधार पर 154 प्रतिशत बढ़कर ₹37,320 करोड़ पर पहुंच गया. एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) का क्लोजिंग AUM 57 प्रतिशत की छलांग लगाकर ₹22,746 करोड़ हो गया. कंपनी के पेमेंट बिजनेस में कुल पेमेंट वैल्यू (TPV) सालाना आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर ₹14,682 करोड़ रही. इसी अवधि के दौरान कंपनी का नेट प्रोसेसिंग मार्जिन भी सुधरकर 14 बेसिस पॉइंट दर्ज किया गया.
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)