मैदा-बेसन से घर पर बनाएं कुरकुरे बिस्कुट, बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत; जानें आसान रेसिपी

मैदा-बेसन से घर पर बनाएं कुरकुरे बिस्कुट, बाजार से खरीदने की नहीं पड़ेगी जरूरत; जानें आसान रेसिपी


Last Updated:

Homemade Biscuit Recipe: झारखंड के पलामू की चंपा देवी ने घर पर मैदा और बेसन से स्वादिष्ट बिस्कुट बनाने की आसान विधि साझा की है. 200 ग्राम मैदा में 100 ग्राम बेसन, दूध, चीनी और ड्राई फ्रूट्स मिलाकर इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है, जिसे चाय के साथ खाया जाता है.

Homemade Biscuit Recipe: आज के समय में लोगों को तरह-तरह की खाने-पीने की चीजों का शौक होता है. खासकर सुबह और शाम चाय के साथ बिस्कुट खाना लोगों की आदत बन चुकी है. बच्चे हों या बड़े, हर किसी को बिस्कुट का स्वाद पसंद आता है. आमतौर पर लोग बाजार से अलग-अलग फ्लेवर के बिस्कुट खरीदकर खाते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर की रसोई में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री से भी स्वादिष्ट बिस्कुट तैयार किए जा सकते हैं. इसके लिए न तो ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत है और न ही महंगी सामग्री खरीदने की. जानें बनाने का तरीका.

तैयार करने की विधि बहुत आसान
दरअसल, मैदा और बेसन की मदद से घर पर ही स्वादिष्ट बिस्कुट बनाए जा सकते हैं. इसे तैयार करने की विधि भी काफी आसान है. घरेलू महिला चंपा देवी ने घर पर बिस्कुट बनाने की खास विधि साझा की है. उन्होंने बताया कि घरेलू तरीके से तैयार बिस्कुट को सुबह-शाम चाय के साथ नाश्ते में खाया जा सकता है. इसके अलावा बच्चों को भी नाश्ते में दिया जा सकता है.खास बात यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली अधिकतर सामग्री आमतौर पर घर की रसोई में ही उपलब्ध रहती है.

200 ग्राम मैदा में मिलाएं 100 ग्राम बेसन
घरेलू महिला चंपा देवी ने लोकल 18 को बताया कि घर पर बिस्कुट तैयार करने के लिए सबसे पहले मैदा, बेसन, दूध और पिसी हुई चीनी की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए ड्राई फ्रूट्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि अगर आप 200 ग्राम मैदा ले रहे हैं तो उसमें 100 ग्राम बेसन का इस्तेमाल करें. सबसे पहले एक कड़ाही में मैदा और बेसन डालें. इसके बाद धीमी आंच पर लगभग 15 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. जब मिश्रण हल्का सुनहरा होने लगे तो उसमें आवश्यकतानुसार दूध मिलाएं. इसके बाद स्वाद के अनुसार पिसी हुई चीनी डाले. अगर आप बिस्कुट को और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो इसमें काजू, बादाम और अन्य ड्राई फ्रूट्स के छोटे-छोटे टुकड़े भी मिला सकते हैं.

इस तरह तैयार करें स्वादिष्ट बिस्कुट
उन्होंने बताया कि सभी सामग्री मिलाने के बाद मिश्रण को मध्यम से धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे तो उसे आंच से उतार लें. इसके बाद मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने के लिए छोड़ दें. जब मिश्रण हाथ से आकार देने लायक हो जाए तो इससे छोटे-छोटे बिस्कुट तैयार करें. बिस्कुट को गोल, चौकोर या अपनी पसंद के अनुसार आकार दे सकते हैं. इसके अलावा कांटे वाले चम्मच या चाकू की मदद से बिस्कुट के ऊपर सुंदर डिजाइन भी बना सकते हैं. इसके बाद बिस्कुट को धीमी आंच पर तवे में या ओवन में अच्छी तरह सेंक लें, ताकि वह पककर तैयार हो जाए. चंपा देवी ने बताया कि इस तरह घर पर आसानी से स्वादिष्ट बिस्कुट बनाए जा सकते हैं. इन्हें सुबह और शाम चाय के साथ परोसा जा सकता है.



Source link