Last Updated:
Patna Sweet Shop Raid : पटना के कंकड़बाग स्थित मुन्नाचक में फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी में गोपाल पटना डेयरी में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं. फूड सेफ्टी ऑफिसर मुकेश कश्यप की टीम ने डेयरी के कारखाने, मिष्ठान भंडार और दुकान पर जांच की. अधिकारियों के मुताबिक, गंदगी के बीच खुले में पनीर और घी तैयार किया जा रहा था.
कंकड़बाग इलाके के मुन्नाचक में फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी में एक डेयरी और उससे जुड़े मिष्ठान भंडार में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं.
पटना. अगर आप पटना में पनीर, खोया, घी या रसगुल्ले खरीदते हैं तो थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. कंकड़बाग इलाके के मुन्नाचक में फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी में एक डेयरी और उससे जुड़े मिष्ठान भंडार में कई तरह की गड़बड़ियां सामने आई हैं. टीम ने बड़ी मात्रा में पनीर, घी और रसगुल्ले जब्त किए हैं. अधिकारियों ने सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
फूड सेफ्टी ऑफिसर मुकेश कश्यप की टीम ने सबसे पहले गोपाल पटना डेयरी के कारखाने में छापेमारी की. टीम के मुताबिक, यहां साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी. पनीर और घी तैयार करने का काम खुले में और गंदगी के बीच होता मिला. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए और जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. छापेमारी के दौरान टीम ने डेयरी से जुड़े मिष्ठान भंडार और दुकान की भी जांच की. यहां घी की पैकिंग को लेकर भी अधिकारियों ने आपत्ति जताई.
नंदनी घी के टीन में भरा था गोपाल पटना डेयरी का घी
जांच के दौरान अधिकारियों को नंदनी घी के टीन में गोपाल पटना डेयरी का घी पैक कर बेचे जाने की बात सामने आई. अधिकारियों के मुताबिक, जिन टीन में घी रखा गया था, उनमें कुछ पर जंग भी लगी हुई थी. टीम ने ऐसे 24 टीन घी जब्त किए हैं. फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद खाद्य सामग्री को सील किया और उसके सैंपल जांच के लिए लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू की. अब लैब रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि जब्त किए गए घी और अन्य खाद्य पदार्थों में किस स्तर की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी थी.
पनीर में फैट कम, रसगुल्ले में भी गड़बड़ी
छापेमारी के दौरान पनीर की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पनीर में फैट की मात्रा कम पाई गई. वहीं छेना से बनाए जा रहे रसगुल्लों में भी मिलावट की आशंका सामने आई है. टीम ने इनके भी सैंपल लिए हैं. फूड सेफ्टी अधिकारियों का कहना है कि मौके पर मिली सामग्री के सैंपल को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों में मिलावट और मानकों के उल्लंघन को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी.
छापेमारी के दौरान संचालक से हुई नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक लगातार अपनी सफाई देता रहा. अधिकारियों और संचालक के बीच इस दौरान तू-तू मैं-मैं की स्थिति भी देखने को मिली. हालांकि टीम ने कार्रवाई जारी रखी और संदिग्ध खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया. फिलहाल फूड सेफ्टी विभाग की कार्रवाई के बाद सैंपल की लैब जांच का इंतजार है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.