एक वीडियो दिखाया और वसूल लिए ₹1400000, बड़े गिरोह का पर्दाफाश
Last Updated:
Delhi Cyber Crime News: साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. ठगों के टार्गेट पर खासतौर पर बुजुर्ग हैं. ऐसे ही एक मामले की जांच में जुटी साइबर पुलिस की टीम को चौंकाने वाली बात पता चली है. बता दें कि पुलिस की ओर से लगातार ऐसे लोगों से सावधान रहने की सलाह दी जाती है, लेकिन फिर भी लोग इसका शिकार बन जा रहे हैं.
दिल्ली पुलिस की टीम ने साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है.
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की नॉर्थ जिला साइबर पुलिस ने अश्लील वीडियो के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर ठगी करने वाले संगठित सेक्सटॉर्शन गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह ने गुरुद्वारे में सेवा करने वाले 79 वर्षीय मनजीत सिंह को निशाना बनाकर उनसे 14.63 लाख रुपये ठग लिए थे. पुलिस के मुताबिक, गिरोह के तार राजस्थान और पंजाब से जुड़े हैं.
जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले पीड़ित को व्हाट्सऐप पर एक अश्लील वीडियो भेजा. इसके बाद खुद को पुलिसकर्मी और यूट्यूब का प्रतिनिधि बताकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया से हटाने और कथित एफआईआर से उनका नाम निकलवाने का झांसा दिया. गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई और समाज में बदनामी का डर दिखाकर अलग-अलग तारीखों में कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए गए.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह फर्जी वीडियो कॉल के जरिए लोगों को जाल में फंसाता था. इसके लिए दूसरे मोबाइल फोन पर पहले से रिकॉर्ड किया गया अश्लील वीडियो चलाया जाता था, जिससे पीड़ित को वास्तविक वीडियो कॉल होने का भ्रम होता था. कॉल रिकॉर्ड करने के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने और पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर पैसे वसूलते थे. ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी और खाते फ्रीज होने से पहले ही पैसे निकाल लिए जाते थे. पुलिस ने इमरान खान को गिरोह का अहम सदस्य बताया है. उस पर फर्जी सिम कार्ड, मोबाइल फोन और ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खातों का इंतजाम करने का आरोप है. समद खान पर बैंक खाते उपलब्ध कराने में मदद करने का आरोप है, जबकि अनकित सैन और तस्लीम राजा के खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम मंगाने के लिए किया गया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं. करीब 100 संदिग्ध मोबाइल नंबरों और आईएमईआई की तकनीकी जांच के बाद राजस्थान के डीग जिले के कलतरिया गांव और आसपास के इलाकों से अहम सुराग मिले. पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बैंक खातों से जुड़े साइबर ठगी के 15 मामले अलग-अलग राज्यों में सामने आए हैं. इन खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक के कुल डेबिट-क्रेडिट लेनदेन का पता चला है. पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है. मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश, ठगी की कुल रकम का पता लगाने और दूसरे साइबर अपराधों से इसके संबंधों की जांच जारी है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login