Last Updated:
Garba Health Benefits: गरबा संस्कृति, मजा और फिटनेस का मेल है. इसकी रेगुलर प्रैक्टिस से मांसपेशियों की सहनशक्ति, दिल और फेफड़ों की कार्यक्षमता, स्टैमिना, संतुलन और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार हो सकता है. यहां डॉक्टर से जानें गरबा आपके सेहत को कैसे फायदा पहुंचाता है और गरबा करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
Garba Health Benefits: नवरात्रि का त्योहार गरबा डांस के बिना अधूरा है. वैसे तो गरबा गुजरात का फॉक डांस है, जो मां भगवती को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है. लेकिन आज पूरी दुनिया में लोग इसे सीखते हैं और करते हैं. हेल्थ के नजरिए से भी ये डांस फॉर्म काफी अच्छा माना जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट गरबा को एक असरदार फिजिकल एक्टिविटी मानते हैं. क्योंकि इसमें पूरे शरीर की कसरत होती है.
फरीदाबाद के सेक्टर 20 में स्थित यथार्थ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. निखिल सचदेवा बताते हैं कि गरबा में शरीर के निचले हिस्से का ज्यादा इस्तेमाल होता है, जिसमें पैर,थाई , काव्स और हिप डांस में एक्टिव रूप से शामिल होते हैं. इसके अलावा, डांस करते समय छाती का भी इस्तेमाल होता है. अलग-अलग स्टेप्स और घूमने-फिरने के साथ-साथ संतुलन बनाए रखने के लिए शरीर की मांसपेशियों को लगातार काम करना पड़ता है. इससे पूरे शरीर की एक्सरसाइज हो जाती है.
गरबा करने के फायदे
स्टैमिना बढ़ता है
एक्सपर्ट बताते हैं कि गरबा के मुख्य फायदों में स्टैमिना और दिल की सेहत को बेहतर बनाने की क्षमता शामिल है. डांस करते समय लगातार हिलने-डुलने से दिल की धड़कन और ऊर्जा की खपत बढ़ती है. गरबा एक एरोबिक एक्सरसाइज के तौर पर काम करता है और दिल की सहनशक्ति को बेहतर बना सकता है. हालांकि, ये फायदे डांस की तीव्रता और अवधि, साथ ही व्यक्ति की शुरुआती शारीरिक फिटनेस पर निर्भर करते हैं.
कैलोरी बर्न होता है
गरबा कैलोरी बर्न करने और वेट कंट्रोल करने में भी मदद करता है. जो लोग पारंपरिक उत्सवों का आनंद लेते हुए हेल्दी वेट पाना चाहते हैं, उनके लिए गरबा काफी मददगार है. गरबा डांस करते समय कितनी कैलोरी बर्न होती है, यह व्यक्ति के वजन, डांस की तीव्रता, डांस की अवधि और उनके फिटनेस लेवल पर निर्भर करता है. लेकिन इसके साथ सही खान-पान, पानी और नींद की सही मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है.
तनाव कम होता है
शारीरिक फायदों के अलावा, गरबा स्वास्थ्य के मानसिक पहलुओं जैसे संतुलन और तालमेल को भी बेहतर बना सकता है. इसमें करने वाले को संगीत सुनना होता है, डांस के स्टेप्स सीखने होते हैं और दूसरे डांसर्स के साथ मिलकर उन्हें करना होता है. संगीत का इस्तेमाल मूड को अच्छा बनाता है और तनाव कम करता है.
इस बात का ध्यान रखना जरूरी
हालांकि गरबा एक्सरसाइजा का एक मज़ेदार तरीका है, लेकिन बिना तैयारी के ज्यादा देर तक डांस करने से मांसपेशियों में दर्द, थकान और चोट लग सकती है, खासकर घुटनों, कूल्हों और पीठ के निचले हिस्से में. डांस से पहले थोड़ा वार्म-अप करने से आपकी मांसपेशियां और जोड़ एक्टिविटी के लिए तैयार हो जाते हैं. ढीले कपड़े और आरामदायक जते पहनें जो ठीक से फिट हों और अच्छा सपोर्ट दें ताकि फिसलने का खतरा कम हो.
समय-समय पर पानी पीते रहें, आराम करें और थकान होने पर डांस न करें. जिन लोगों को घुटने, टखने या पीठ की समस्या है, उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार अपने मूवमेंट करने चाहिए और अचानक होने वाले मूवमेंट और कूदने-फांदने से बचना चाहिए जिनसे दर्द हो सकता है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.