Last Updated:
Varanasi Encounter News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के पड़ाव इलाके में रविवार सुबह यूपी एटीएस और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नक्सली कमांडर बृजेश उर्फ गोपाल सिंह को मार गिराया. बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सली पर 30 लाख रुपये का इनाम था.
वाराणसी में 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली का एनकाउंटर.
वाराणसीः उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में यूपी एटीएस और पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में 30 लाख रुपये का इनामी नक्सली ढेर हो गया है. मृतक नक्सली की पहचान बृजेश उर्फ गोपाल सिंह के रूप में हुई है. गोपाल झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी का कमांडर था. वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के पड़ाव में यह मुठभेड़ हुई है. ढेर हुए नक्सली पर झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख और NIA द्वारा 5 लाख का इनाम घोषित था.
दोनों हाथ से फायरिंग कर रहा था बृजेश
एनकाउंटर को लेकर जानकारी देते हुए एटीएस के डीएसपी विपिन राय ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नक्सली रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ जा रहा है. इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दी. इसी दौरान वह बाइक से पहुंचा. टीम ने उसे रुकने का इशारा किया. लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने दोनों हाथों से पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान उनको और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी.
गोली लगते ही सड़क पर गिर गया बृजेश
इसके बाद टीम ने जवाबी फायरिंग की. इसमें बृजेश को गोली लगी और वह सड़क पर गिर गया. उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई और वहीं उसका साथी फरार हो गया. बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र का रहने वाला था. वह ट्रांसपोर्टरों और कोयला खनन कंपनियों और ठेकेदारों से वसूली करता था. 8 साल पहले बृजेश के घर की कुर्की की गई थी. एटीएस ने नक्सली बृजेश सिंह के पास से दो पिस्टल बरामद किए हैं. उसके पास से कई जिंदा कारतूस और खोखे भी मिले हैं. एटीएस ने उसकी डेडबॉडी को लाल बहादुर शास्त्री पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है.