Last Updated:
Bharat Tiwari News: आरा के भरत तिवारी के परिवार ने उन दो लोगों पर ही धमकी देने का आरोप लगाया है, जो उनकी मौत के बाद न्याय की मांग उठा रहे थे. भरत की मां आशा देवी ने शाहपुर थाने में शिकायत देकर पंकज त्रिपाठी और सरोज त्रिपाठी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, दोनों ने आरोपों को गलत बताया है. विस्तार से जानिए क्या है पूरा माजरा.
भरत तिवारी.
आराः भोजपुर के शाहपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में एक बार फिर नया विवाद सामने आया. भरत के परिवार ने उन लोगों पर ही धमकी देने का आरोप लगाया है, जो उनकी मौत के बाद न्याय की मांग उठा रहे थे. भरत की मां आशा देवी ने शाहपुर थाने में लिखित शिकायत दी है. शिकायत में गांव के रहने वाले पंकज त्रिपाठी और सरोज त्रिपाठी पर आरोप लगाए गए हैं. परिवार का कहना है कि दोनों ने भरत के भाई चंदन तिवारी और परिवार के अन्य सदस्यों को धमकी दी. इसके अलावा घर में रखा एक रजिस्टर भी गायब होने का आरोप लगाया गया है. परिवार के मुताबिक, इस रजिस्टर में कई लोगों के नाम और पते दर्ज थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद शाहपुर थाना पुलिस ने पंकज त्रिपाठी और सरोज त्रिपाठी को नोटिस जारी किया है. दोनों को थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. पंकज त्रिपाठी ने परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि भरत तिवारी की मौत के बाद वे लगातार उसके परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं. इसी उद्देश्य से भरत तिवारी न्याय संघर्ष मोर्चा का गठन किया गया था. पंकज के मुताबिक, उन्होंने न तो कोई रजिस्टर चोरी किया है और न ही भरत के भाई या परिवार के किसी सदस्य को धमकी दी है. उनका कहना है कि न्याय की मांग उठाने के बाद ही उनके परिवार पर इस तरह के आरोप लगाए गए हैं.
17 जून को हुई थी भरत की मौत
भरत तिवारी की मौत 17 जून 2026 को हुई थी. परिजनों और उनके समर्थकों की ओर से लगातार इस मामले में न्याय की मांग की जा रही है. इसी को लेकर भरत तिवारी न्याय संघर्ष मोर्चा के माध्यम से भी आवाज उठाई जा रही थी. अब धमकी और रजिस्टर चोरी की शिकायत के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है. एक तरफ भरत के परिजन गंभीर आरोप लगा रहे हैं. वहीं, आरोपों के घेरे में आए पंकज त्रिपाठी और सरोज त्रिपाठी इन आरोपों को गलत बता रहे हैं. पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी.