दिल्ली: आज के समय में डिजिटल दुनिया सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रह गई है. छोटे बिजनेस से लेकर बड़ी कंपनियों तक, हर जगह डिजिटल प्लेटफॉर्म की जरूरत बढ़ रही है. ऐसे में युवाओं के लिए डिजिटल मार्केटिंग एक ऐसा करियर विकल्प बन रहा है, जिसमें लगातार नए मौके सामने आ रहे हैं. खासतौर पर AI के आने के बाद इस फील्ड में काम करने का तरीका तेजी से बदल रहा है.
DoubleSure.Health और PeopleApps.AI के फाउंडर शिवम दीक्षित बताते हैं कि कोरोना के बाद बिजनेस को डिजिटल होने की जरूरत पहले से ज्यादा महसूस हुई है. कंपनियों ने समझा कि अगर उन्हें अपने ग्राहकों तक पहुंचना है तो ऑनलाइन मौजूदगी मजबूत करनी होगी. इसी वजह से डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े प्रोफेशनल्स की मांग भी बढ़ी है.
सिर्फ कोर्स करने से नहीं बनेगा करियर
शिवम दीक्षित के मुताबिक डिजिटल मार्केटिंग में करियर बनाने के लिए सिर्फ एक कोर्स कर लेना काफी नहीं है. इस फील्ड में लगातार सीखते रहना पड़ता है. क्योंकि हर कुछ समय में नए टूल्स और नई टेक्नोलॉजी सामने आती रहती है. खासकर AI के आने के बाद SEO, कंटेंट और ऑनलाइन विज्ञापन जैसे क्षेत्रों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. ऐसे में अगर कोई युवा इस फील्ड में आगे बढ़ना चाहता है, तो उसे नई तकनीक सीखने और अपने स्किल्स को लगातार अपडेट करने की आदत डालनी होगी.
अच्छी शुरुआत के लिए कितनी कमाई
डिजिटल मार्केटिंग में करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं को शुरुआती स्तर पर करीब 20 से 25 हजार रुपये महीने तक के अवसर मिल सकते हैं. हालांकि कमाई कंपनी, काम और व्यक्ति की स्किल के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. अनुभव और स्किल बढ़ने के साथ कमाई के मौके भी बढ़ सकते हैं. इसके अलावा डिजिटल मार्केटिंग सीखने के बाद नौकरी के साथ-साथ फ्रीलांसिंग और अपना काम शुरू करने के रास्ते भी खुल सकते हैं.
अच्छा डिजिटल मार्केटर बनने के लिए क्या जरूरी
शिवम दीक्षित के मुताबिक एक अच्छे डिजिटल मार्केटर के लिए सबसे जरूरी चीजों में से एक है, अच्छा रीडर होना. उनका कहना है कि मार्केटर का काम सिर्फ किसी टूल को चलाना नहीं है, बल्कि लोगों और मार्केट को समझना भी है. इसके लिए युवाओं को अलग-अलग कंपनियों की केस स्टडीज़ पढ़नी चाहिए. यह समझना ज़रूरी है कि कोई कंपनी कैसे सफल हुई, उसने ग्राहकों तक अपनी बात कैसे पहुंचाई और उसकी मार्केटिंग स्ट्रैटेजी क्या थी.
इन स्किल्स पर करें फोकस
अगर आप डिजिटल मार्केटिंग में करियर बनाने की सोच रहे हैं, तो SEO, सोशल मीडिया मार्केटिंग, कंटेंट मार्केटिंग, डिजिटल एडवरटाइजिंग और AI-बेस्ड टूल्स जैसे स्किल्स पर काम कर सकते हैं. साथ ही कम्युनिकेशन, क्रिएटिविटी और नई चीजें सीखने की आदत भी इस फील्ड में काफी काम आती है.