Last Updated:
shai hope century no4: वेस्टइंडीज के भारत दौरे को शाई होप शो का नाम दे दिया जाए तो गलत नहीं होगा. चौथे टी-20 में एक बात तो तय थी कि जो भी टीम पहले बल्लेबाजी करेगी वो 250 रन जेहन में लेकर ही उतरेगी क्योंकि पाटा पिच और छोटी बाउंड्री को देखते हुए कोई भी स्कोर सेफ नहीं माना जा सकता और इसीलिए शाई होप ने वो किया जिसकी सिर्फ उनसे उम्मीद की जा सकती है. शाई होप इस दौरे पर चौथा शतक जड़ने में कामयाब रहे.
शाई होप का भारत दौरे पर रनों की बारिश करना हैदराबाद में भी रहा जारी
नई दिल्ली. रनों की बहती गंगा में कोई दोनों हाथ कायदे से धो रहा है तो वो है वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप. इस बार के भारत दौरे पर ऐसा लग रहा है कि हर मैच होप बनाम टीम इंडिया हो रहा है. फॉर्मेट बदला, मैदान हर मैच में बदल रहा है बस नहीं बदल रहा हैं तो होप का भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ हल्लाबोल. गुवाहाटी टी-20 के बाद हैदराबाद में भी वेस्टइंडीज के बड़े स्कोर की उम्मीद बनकर सामने आए कप्तान होप. गुवाहाटी के बाद हैदराबाद में होप का शतक जिसमें योगदान तिलक वर्मा के अंतिम गेंद पर कैच छोड़ना रहा जिससे कैरेबियाई कप्तान का शतक पूरा हो पाया.
वेस्टइंडीज के भारत दौरे को शाई होप शो का नाम दे दिया जाए तो गलत नहीं होगा. चौथे टी-20 में एक बात तो तय थी कि जो भी टीम पहले बल्लेबाजी करेगी वो 250 रन जेहन में लेकर ही उतरेगी क्योंकि पाटा पिच और छोटी बाउंड्री को देखते हुए कोई भी स्कोर सेफ नहीं माना जा सकता और इसीलिए शाई होप ने वो किया जिसकी सिर्फ उनसे उम्मीद की जा सकती है. शाई होप इस दौरे पर चौथा शतक जड़ने में कामयाब रहे.
हैदराबाद में होप का हल्लाबोल
राजीव गांधी स्टेडियम पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी कैरेबियाई टीम और उनके कप्तान ने वो किया जिसकी उम्मीद यहां की पिच को देकर किया जा सकता है. पहले 21 गेंदो पर ही वेस्टइंडीज ने 50 का आंकड़ा पार कर लिया था जिसमें अहम किरदार निभाया शाई होप ने. पहले पावर प्ले में होप और हेटमायर ने मिलकर 79 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए जो इस दौरे पर पहले 6 ओवर में सबसे बड़ा स्कोर था. कई धमाकेदार शॉट्स खेलने वाले शाई होप ने मयंक यादव की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर 10 ओवर में 100 के पार चला गया. इस अर्धशतक के साथ वो गेल के 16 अर्धशतको के रिकॉर्ड की बराबरी पर आ गए. पर होप यहीं पर कहा रुकने वाले थे. लगातार आक्रमण कर रहे होप की बल्लेबाजी का असर था कि टीम ने 16.5 ओवर में 200 रन बना लिए. होप ने 50 गेंदो पर 200 के स्ट्राइक रेट से 102 नाबाद की पारी खेली. इस पारी में होप ने 9 छक्के लगाए. नितिश रेड्डी की अंतिम 2 गेंदो पर छक्का और चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया.
सीरीज के सिकंदर है होप
शाई होप अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म से गुजर रहे है. वनडे सीरीज में दो शतक से साथ अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले होप अबतक 4 शतक लगा चुके है. गुवाहाटी में झन्नाटेदार शतक लगाने के बाद हैदराबाद में धमाकेदार शतक लगाकर टीम को बड़ा स्कोर बनाने में अहम योगदान दिया. वनडे सीरीज में अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा 26 चौके और 6 छक्के लगाए. वहीं टीम 20 के पहले 4 मैचों में वो सबसे ज्यादा चौके लगाने में कामयाब रहे. शाई होप ने जिस अंदाज में सीरीज में डॉमिनेट किया वो सालों तक याद रखा जाएगा.