क्रिस गेल को पीछे छोड़ शाई होप बने नंबर-1, भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में शतक जड़कर रच दिया इतिहास


होमखेलक्रिकेट

क्रिस गेल को पीछे छोड़ शाई होप बने नंबर-1, भारत के खिलाफ सीरीज में मचाई तबाही

Last Updated:

Shai Hopes scripts history: भारत दौरे पर वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने बल्ले से ऐतिहासिक प्रदर्शन कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने कुल 29 शतक पूरे कर लिए हैं. भारत के खिलाफ इस सीरीज के दौरान उनका बल्ला जमकर गरजा, जिसमें उन्होंने वनडे और टी20 फॉर्मेट में शतकों की झड़ी लगा दी. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और वेस्टइंडीज क्रिकेट में एक नया मुकाम हासिल किया है. इस दौरान होप ने दिग्गज क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया.

Top Deals Inside

क्रिस गेल को पीछे छोड़ शाई होप बने नंबर-1, भारत के खिलाफ सीरीज में मचाई तबाही Zoom

शाई होप ने 50 गेंदों पर जड़ा टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा शतक.

नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड्स बनते और टूटते हैं, लेकिन कुछ पारियां इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाती हैं. भारत दौरे पर वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने जिस आक्रामक और प्रेरणादायक अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. एक कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करते हुए उन्होंने इस सीरीज में अपनी काबिलियत का ऐसा लोहा मनवाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

इस दौरे से पहले वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में क्रिस गेल (Chris Gayle) और एविन लुईस जैसे विस्फोटक बल्लेबाज आगे हुआ करते थे. लेकिन शाई होप (Shai Hope) ने इस सीरीज में अपने बल्ले की गूंज से सभी समीकरण बदल दिए. उनके नाम अब वेस्टइंडीज के लिए टी20 इंटरनेशनल में तीन शतक दर्ज हो चुके हैं और वह इस फॉर्मेट में देश के सबसे सफल शतकीय बल्लेबाजों की सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं. उनके अलावा क्रिस गेल और एविन लुईस के नाम दो-दो शतक हैं, जबकि जॉनसन चार्ल्स और रोवमैन पॉवेल के नाम एक-एक शतक दर्ज है.

द्विपक्षीय टी20 सीरीज में बनाया नया कीर्तिमान
द्विपक्षीय टी20 सीरीज में एक से ज्यादा शतक लगाने का कारनामा दुनिया के गिने-चुने बल्लेबाज ही कर पाए हैं. इस खास फेहरिस्त में फिल साल्ट, संजू सैमसन, तिलक वर्मा और मोहम्मद इहसान जैसे खिलाड़ियों का नाम शामिल है. अब इस एलीट लिस्ट में शाई होप का नाम भी चमक उठा है, जिन्होंने 2026 में भारत के खिलाफ उसी की सरजमीं पर खेलते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 29 शतकों का शानदार आंकड़ा
शाई होप का यह सफर केवल कुछ मैचों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे करियर का कैनवास शतकों की चमक से भरा हुआ है. उनके नाम अब वनडे इंटरनेशनल में 21, टेस्ट मैचों में 5 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3 शानदार शतक दर्ज हो चुके हैं. इन सभी को मिलाकर उनके अंतरराष्ट्रीय शतकों की कुल संख्या अब 29 पर पहुंच गई है. वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में यह मुकाम हासिल करना किसी मिसाल से कम नहीं है.

भारत के खिलाफ बल्ले से मचाया तहलका
भारत के खिलाफ इस मौजूदा सीरीज में उनका बल्ला जिस तरह गरजा, उसने विरोधी गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. उन्होंने दूसरे वनडे मुकाबले में 94 गेंदों पर 104 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके बाद तीसरे वनडे में उन्होंने नाबाद 162 रनों की मैराथन पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया. इसके बाद टी20 फॉर्मेट में भी उनका तूफान थमा नहीं. पहले टी20 मैच में 37 गेंदों पर 52 रन बनाने के बाद, उन्होंने दूसरे टी20 मुकाबले में मात्र 45 गेंदों पर नाबाद 102 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस लय को यहीं न रोकते हुए उन्होंने चौथे टी20 मैच में भी 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन जड़ दिए.

शाई होप का व्यक्तिगत शो बनी सीरीज
उनकी इस सीरीज का प्रदर्शन ऐसा रहा जहां उन्होंने हर बड़े मुकाबले में अपनी छाप छोड़ी. दूसरे वनडे में शतक, तीसरे वनडे में शतक, दूसरे टी20 में शतक और चौथे टी20 में शतक, इन सभी ने मिलकर इस पूरी सीरीज को शाई होप का व्यक्तिगत शो बना दिया. जब भी टीम को जरूरत पड़ी, कप्तान ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी संभाली.



Source link