बाड़मेर. पश्चिम सरहद पर बसे बाड़मेर में पंचायतीराज चुनावो का रण है लेकिन वार्ड 33 में चर्चा सिर्फ सियासत की नहीं बल्कि करोड़ों की दौलत की भी है. भाजपा, कांग्रेस और रालोपा के तीनों प्रत्याशी करोड़पति हैं. कहीं प्रत्याशी के पास करोड़ों की संपत्ति है तो कहीं पत्नी के नाम पति से तीन गुना से भी ज्यादा दौलत है.
त्रिकोणीय मुकाबले के साथ करोड़पति है प्रत्याशी
पंचायतीराज चुनावो में जिला परिषद की वार्ड नम्बर 33 सीट हॉटसीट बन गई है. यहां त्रिकोणीय मुकाबले ने तीनों दोनों पार्टियों की राह मुश्किल में डाल दी है. यहां भाजपा ने बांकाराम,कांग्रेस ने रघुनाथ राम और रालोपा ने अशोक कुमार को प्रत्याशी बनाया है. भाजपा के बांकाराम की पत्नी 4.09 करोड़ की चल संपत्ति की मालकिन हैं तो कांग्रेस के रघुनाथ राम ने अपने नाम 16.20 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की है. वहीं रालोपा के अशोक कुमार भी एक करोड़ रुपये से ज्यादा की चल संपत्ति के मालिक है.
भाजपा के बांकाराम 12वी पास, स्वयं से पत्नी की 3 गुना दौलत
बांकाराम के पास 2 लाख 82 हजार रुपये नकद, 15 तोला सोना,ट्रेलर,जेसीबी ,बस सहित 11 वाहन है जिससे उनकी 1 करोड़ 27 लाख रुपये की चल और 2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. वही उनकी पत्नी के पास 3 लाख 25 हजार रुपये नकद, 18 तोला सोना, ट्रेलर, जेसीबी, इनोवा सहित 13 वाहन है. 4 करोड़ 9 लाख रुपये की चल और 27 लाख 72 हजार रुपये की अचल संपत्ति है. यानी बांकाराम के पास से उनकी पत्नी के पास 3 गुणा ज्यादा चल सम्पति है..
कांग्रेस के रघुनाथ राम साक्षर, 16 करोड़ की चल और 45 वाहन
रघुनाथ राम साक्षर है लेकिन उनकी चल सम्पति 16 करोड़ 20 लाख रुपये और 96 लाख रुपये की अचल संपत्ति होने के साथ ही 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, 6 तोला सोना है. वही उनकी पत्नी के पास 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, 10 तोला सोना, 1 करोड़ 96 लाख रुपये की चल और 30 लाख 40 हजार रुपये की अचल संपत्ति मौजूद है.
RLP के अशोक कुमार 10वी पास, पति-पत्नी करोड़पति
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अशोक कुमार के पास 2 लाख रुपये नकद,50 ग्राम सोना और 1 करोड़ 1 लाख रुपये की चल सम्पति है वही 1 करोड़ 20 लाख रुपये की अचल संपत्ति भी है. जबकि पत्नी के पास 1 लाख रुपये नकद 100 ग्राम सोना, 400 ग्राम चांदी और 16 लाख 91 हजार रुपये की अचल संपत्ति है.