Last Updated:
Alwar Jaipur Road Accident: अलवर से जयपुर जा रहा सरसों के तेल से भरा टैंकर थानागाजी क्षेत्र के मालूताना स्थित डेहरा मोड़ पर पलट गया. थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, अचानक सामने गाय आने से टैंकर अनियंत्रित हो गया. टैंकर से तेल फैलने पर स्थानीय लोग बर्तन लेकर पहुंचे और तेल भरकर ले जाने लगे. घटना का वीडियो वायरल हुआ है. क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया गया. पुलिस के अनुसार, किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.
डेहरा मोड़ पर सरसों के तेल से भरा टैंकर पलटा
थानागाजी (अलवर)। अलवर-जयपुर मार्ग पर थानागाजी क्षेत्र के मालूताना स्थित डेहरा मोड़ पर सरसों के तेल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया. टैंकर पलटने के बाद उसमें से सरसों का तेल सड़क पर फैलने लगा. तेल फैलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घरों से बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए.
देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग टैंकर से बह रहे तेल को बर्तनों में भरकर अपने घर ले जाने लगे. इस दौरान तेल भरते लोगों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
चलते सड़क पर सरसों का तेल फैल गया
थाना प्रभारी महावीर सिंह के अनुसार, सरसों के तेल से भरा टैंकर अलवर से जयपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान मालूताना के डेहरा मोड़ पर अचानक सामने गाय आ गई. गाय को बचाने के प्रयास में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।.हादसे के बाद टैंकर से तेल का रिसाव होने लगा, जिसके चलते सड़क पर सरसों का तेल फैल गया.
बर्तन लेकर पहुंचे लोग, वायरल हुआ वीडियो
टैंकर से तेल निकलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. कोई बाल्टी तो कोई डिब्बा लेकर तेल भरता नजर आया. मौके पर मौजूद लोगों ने टैंकर से बह रहे तेल को बर्तनों में भरा और अपने घर ले गए. इस दौरान सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई. तेल भरते लोगों का वीडियो सामने आने के बाद घटना चर्चा का विषय बन गई.
क्रेन से सीधा कराया टैंकर, जनहानि नहीं
थानागाजी थानाधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जमा भीड़ को वहां से हटाया और टैंकर को क्रेन के माध्यम से सीधा करवाकर रास्ते के किनारे किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चालक की सतर्कता से गाय तो बच गई और टैंकर पलटने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई.