Best Places to Visit in Kausani | नैनीताल-मसूरी नहीं, बागेश्वर की इस जगह से दिखता है हिमालय का 180 डिग्री व्यू, सूर्योदय होते ही बदल जाता है नजारा

Best Places to Visit in Kausani | नैनीताल-मसूरी नहीं, बागेश्वर की इस जगह से दिखता है हिमालय का 180 डिग्री व्यू, सूर्योदय होते ही बदल जाता है नजारा


Last Updated:

Best Places to Visit in Kausani: उत्तराखंड में एक ऐसी जगह है, जहां से हिमालय की कई बर्फीली चोटियां एक साथ नजर आती हैं. बागेश्वर का कौसानी समुद्र तल से करीब 1,890 मीटर की ऊंचाई पर बसा है और यहां से साफ मौसम में हिमालय का करीब 180 डिग्री का नजारा दिखाई देता है. सुबह सूरज की पहली किरणें जब बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती हैं, तो पहाड़ सुनहरे रंग में चमकने लगते हैं. यहां से नंदा देवी, त्रिशूल और पंचचूली जैसी प्रमुख चोटियां भी देखी जा सकती हैं. महात्मा गांधी से जुड़ा अनासक्ति आश्रम भी कौसानी की खास पहचान है. जानिए हिमालय दर्शन के लिए मशहूर इस हिल स्टेशन में क्या-क्या खास है.

Top Deals Inside

Best Places to Visit in Kausani: उत्तराखंड में कई ऐसी जगहें हैं, जहां पहुंचकर पहाड़ों की खूबसूरती को करीब से महसूस किया जा सकता है. इन्हीं में से एक है बागेश्वर जिले का कौसानी. यहां दूर-दूर तक फैले पहाड़, शांत माहौल और बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां पर्यटकों का मन मोह लेती हैं. समुद्र तल से करीब 1,890 मीटर की ऊंचाई पर बसा कौसानी खास तौर पर हिमालय दर्शन के लिए जाना जाता है. साफ मौसम में यहां से हिमालय की करीब 180 डिग्री तक फैली पर्वत श्रृंखला दिखाई देती है. अगर आप पहाड़ों के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो कौसानी घूमने के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है.

स्थानीय जानकार और वरिष्ठ पत्रकार विपिन जोशी बताते हैं कि कौसानी की सबसे बड़ी खासियत यहां से दिखाई देने वाला हिमालय का विस्तृत नजारा है. मौसम साफ हो, तो यहां से त्रिशूल, नंदा देवी, नंदाघुंटी, नंदाकोट, पंचचूली, मृगथुनी, नंदाघाट और नीलकंठ समेत कई प्रमुख हिमालयी चोटियां दिखाई देती हैं. इन चोटियों पर जमी बर्फ धूप पड़ने के साथ अलग-अलग रंगों में चमकती नजर आती है. हालांकि, पहाड़ों का साफ नजारा मौसम, बादलों और दृश्यता पर निर्भर करता है. अगर आप यहां आना चाहते हैं तो अक्टूबर का समय आपके लिए बेस्ट है, क्योंकि इन दिनों मौसम काफी साफ रहता है.

सुबह के समय सुनहरी हो जाती हैं चोटियां
कौसानी में सूर्योदय देखना अपने आप में खास अनुभव है. सुबह जब सूर्य की पहली किरणें हिमालय की ऊंची चोटियों पर पड़ती हैं, तो बर्फ से ढके पहाड़ लालिमा और सुनहरे रंग में चमकने लगते हैं. जैसे-जैसे धूप बढ़ती है, चोटियों का रंग भी बदलने लगता है. इस खूबसूरत नजारे को देखने और तस्वीरों में कैद करने के लिए पर्यटक सुबह जल्दी पहुंचना पसंद करते हैं. सूर्यास्त के समय भी यहां का नजारा देखने लायक होता है. आसमान में बदलते रंग और उनके बीच नजर आते पहाड़ कौसानी की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. प्रकृति और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए यहां सुबह और शाम का समय खास हो सकता है.
अनासक्ति आश्रम और पिंगनाथ से भी देख सकते हैं हिमालय
कौसानी घूमने जाएं, तो अनासक्ति आश्रम जाना भी आपके लिए अच्छा अनुभव हो सकता है. यह जगह हिमालय के सुंदर नजारों के लिए जानी जाती है. महात्मा गांधी वर्ष 1929 में कौसानी आए थे. यहां के शांत और प्राकृतिक वातावरण से प्रभावित होकर उन्होंने इस जगह पर समय बिताया और अनासक्ति योग पर काम किया था. आश्रम के आसपास से भी हिमालय की चोटियों का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. इसके अलावा पिंगनाथ क्षेत्र से भी आसपास के पहाड़ों और प्राकृतिक सुंदरता को निहारा जा सकता है. अगर आप कौसानी घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इन जगहों को अपनी यात्रा में शामिल कर सकते हैं.

पहाड़ों के बीच सुकून भरे पल बिताने के लिए खास है कौसानी
कौसानी में घूमने का अनुभव सिर्फ हिमालय की चोटियों को देखने तक सीमित नहीं है. यहां का शांत माहौल, पहाड़ी नजारे और स्थानीय संस्कृति भी पर्यटकों को आकर्षित करती है. मौसम साफ रहने पर सुबह जल्दी हिमालय की चोटियां देखने का मौका बेहतर रहता है. यही वजह है कि कौसानी को कुमाऊं के खास पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. अगर आप उत्तराखंड घूमने की योजना बना रहे हैं और पहाड़ों के बीच कुछ समय सुकून से बिताना चाहते हैं, तो कौसानी आपकी यात्रा का यादगार हिस्सा बन सकता है.

Disclaimer: Comments reflect users’ views, not News18’s. Please keep discussions respectful and constructive. Abusive, defamatory, or illegal comments will be removed. News18 may disable any comment at its discretion. By posting, you agree to our Terms of Use and Privacy Policy.



Source link