नैनीताल: छोटी-सी उम्र, हाथों में जादू की कला और अपनी प्रतिभा से लोगों का दिल जीतने का हुनर। यह कहानी है महज 9 साल के नन्हे जादूगर साहिल की, जिसके जादू ने पहले नैनीताल आने वाले पर्यटकों को आकर्षित किया और फिर सोशल मीडिया के जरिए देशभर में पहचान दिला दी. नैनीताल में जादू दिखाते हुए साहिल का वीडियो वायरल होने के बाद महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा भी उसकी प्रतिभा से प्रभावित हुए. उन्होंने साहिल की पढ़ाई में मदद करने की पहल की. अब साहिल का दाखिला रामनगर के एक निजी स्कूल में कराया गया है और वह पढ़ाई के साथ अपने जादू के हुनर को भी आगे बढ़ाने का सपना देख रहा है.
साहिल के पिता रुखसान अली के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आनंद महिंद्रा ने ट्वीट कर साहिल की शिक्षा का खर्च उठाने की बात कही थी. इसके बाद महिंद्रा की टीम साहिल के घर पहुंची और परिवार को 2 लाख रुपये का चेक दिया. इस मदद से परिवार को उम्मीद मिली है कि साहिल को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उसकी प्रतिभा को भी निखारा जा सकेगा.
तीन साल की उम्र से दिखाने लगा था जादू
साहिल के पिता रुखसान अली जयपुर के रहने वाले हैं और सड़कों में जादू के शो दिखाते रहे हैं. साहिल भी बचपन से ही अपने पिता के साथ जादू के करतब देखता और सीखता आया है. पिता के मुताबिक, साहिल ने महज 3 साल की उम्र से ही जादू दिखाना शुरू कर दिया था. धीरे-धीरे उसने कई करतब सीख लिए और लोगों के सामने अपनी कला का प्रदर्शन करने लगा. बीते दिनों नैनीताल में मां नयना देवी मंदिर के पास जादू दिखाते समय साहिल का वीडियो किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और बड़ी संख्या में लोगों ने उसकी प्रतिभा की सराहना की. इसी वीडियो के जरिए साहिल की कला आनंद महिंद्रा तक पहुंची. उनकी पहल ने साहिल के परिवार को उसकी शिक्षा और भविष्य को लेकर नई उम्मीद दी.
बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाने की थी इच्छा, लेकिन…
पिता रुखसान अली ने बताया कि आनंद महिंद्रा साहिल को बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाना चाहते थे, ताकि उसे बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें. हालांकि, साहिल अभी छोटा है और परिवार से दूर रहने में डरता है. ऐसे में परिवार ने फिलहाल उसे बोर्डिंग स्कूल भेजने के बजाय अपने पास रखकर पढ़ाने का फैसला किया. परिवार के मुताबिक, साहिल का दाखिला रामनगर के जिम कॉर्बेट स्कूल में कराया गया है. पिता चाहते हैं कि साहिल अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ जादू की दुनिया में भी बड़ी पहचान बनाए. उनके लिए यह मदद सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटे के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
मुंबई में भी दिखा चुका है अपना जादू
सोशल मीडिया पर पहचान मिलने के बाद साहिल को मुंबई के एक चर्चित शो में भी आमंत्रित किया गया. वहां उसने सुहानी और मशहूर रैपर रफ्तार को अपने जादू के करतब दिखाए. छोटी उम्र में इस तरह का मंच मिलने से साहिल को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिला. साहिल ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उसकी जिंदगी में काफी बदलाव आया है. अब लोग उसे उसके जादू के लिए पहचानने लगे हैं. वह आगे भी नए करतब सीखना चाहता है और बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सपना देखता है.
जाह्नवी कपूर से मिलने नैनीताल पहुंचा था साहिल
साहिल ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं. इसके बाद वह उनसे मिलने की उम्मीद लेकर नैनीताल पहुंचा, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी. इस वजह से उसे मायूस होकर लौटना पड़ा. फिलहाल साहिल के सामने एक नई शुरुआत है, जादू के करतब दिखाकर लोगों को हैरान करने वाला यह नन्हा कलाकार अब स्कूल की पढ़ाई भी शुरू करेगा. नैनीताल की सड़कों में जादू दिखाने का वायरल हुए एक वीडियो ने उसके लिए संभावनाओं के नए दरवाजे खोल दिए हैं. और साहिल को एक अलग पहचान दी है.