किसे मिलेगा मौका, किसका कटेगा पत्ता? 3 खिलाड़ियों की फिटनेस पर अटकी टीम इंडिया
Last Updated:
India tour of New Zealand: न्यूजीलैंड के लंबे दौरे के लिए टी-20 स्क्वॉड का ऐलान तो हो चुका है, लेकिन वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान तीन खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट के चलते टल रही है. हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और ऋषभ पंत अलग-अलग वजहों से चोटिल चल रहे हैं, जिसका सीधा असर टीम कॉम्बिनेशन पर पड़ सकता है. यही कारण है कि चयनकर्ता फिलहाल किसी जल्दबाजी के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं. टीम 28 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होगी.
प्रसिद्ध कृष्णा, ऋषभ पंत और हर्षित राणा की खराब फिटनेस के चलते न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम के ऐलान में देरी हो रही है.
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड दौरे से पहले टीम इंडिया की प्लानिंग फिटनेस रिपोर्ट पर अटकी है. बीसीसीआई अपने इंजर्ड खिलाड़ियों और रीहैब से गुजर रहे प्लेयर्स को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाहता. लंबे समय से टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट स्कीम ऑफ थींग्स का हिस्सा रहे तीन बड़े खिलाड़ी इस वक्त बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यानी CoE में हैं, यही कारण है कि 4 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज और 19 नवंबर से खेले जाने वाली टेस्ट सीरीज के लिए घोषित होने वाले स्क्वॉड में अभी देरी है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार प्रसिद्ध कृष्णा को तीन हफ्ते का रिकवरी टाइम दिया गया है. 30 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ गुवाहाटी वनडे में पांच ओवर्स के बाद ही जब कृष्णा को लेफ्ट हैम्स्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ तो वह मैदान से बाहर चले गए थे. उनकी इंजरी भले ही गंभीर नहीं लग रही है, लेकिन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस किसी तरह का कोई जोखिम मोल नहीं लेना चाहता. न्यूजीलैंड दौरे के वनडे मुकाबले चार नवंबर से शुरू होने जा रहे हैं, सिलेक्टर्स के लिहाज से प्रसिद्ध टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट के लिए अहम माने जा रहे हैं.
खराब फिटनेस के चलते प्रसिद्ध वनडे सीरीज के बीच से ही बाहर हो गए.
हर्षित राणा टीम कॉम्बिनेशन की सख्त जरूरत
ऊंचे और मजबूत डिल-डौल वाले हर्षित राणा न सिर्फ एक आक्रामक गेंदबाज हैं बल्कि आठवें नंबर पर बल्लेबाजी भी करते हैं, उन्हें गौतम गंभीर का चहेता माना जा जाता है. हर्षित वनडे वर्ल्ड कप 2027 और न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाली टेस्ट सीरीज की प्लानिंग का अहम हिस्सा हैं, उनकी फिटनेस का असर सिर्फ बॉलिंग अटैक पर नहीं बल्कि टीम के बैलेंस पर भी पड़ेगा.
हर्षित राणा को कोच गंभीर का भरोसा प्राप्त है.
ऋषभ पंत की चोट ने बढ़ाई टेस्ट टीम की टेंशन
सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया कप्तान बनाया गया था, लेकिन साइड स्ट्रेन के चलते वह न सिर्फ टूर्नामेंट मिस कर गए बल्कि न्यूजीलैंड टूर पर इंडिया ए टीम का भी हिस्सा नहीं होंगे. पंत टेस्ट सीरीज से पहले मैच अभ्यास चाहते थे, लेकिन अब उनकी वापसी का कार्यक्रम अहम होगा. पंत टी-20 और वनडे टीम से पहले ही बाहर हैं, उनके पास सिर्फ टेस्ट टीम ही बची है, अगर इंजरी से न्यूजीलैंड दौरा भी मिस हो गया तो करियर पर बड़ा सवालिया निशान लग जाएगा. वह जुलाई से CoE में अपनी इंजरी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं. 25 अक्टूबर तक उन्हें फिट घोषित होने की संभावना है. इसके बाद ही 28 अक्टूबर को वनडे और टेस्ट टीम न्यूजीलैंड रवाना होगी.