Last Updated:
सोशल मीडिया पर एक रामलीला का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सूपर्णखा लक्ष्मण के सामने फिल्मी गाने आपके प्यार में हम संवरने लगे पर झूमकर नाचती नजर आ रही है. इस वीडियो को अभी तक तीस लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है.
नवरात्रि शुरू होते ही देशभर में रामलीलाओं का मंचन शुरू हो गया है. रामायण की पावन कहानी को इन 9 दिनों में मंच पर दिखाया जाता है. अलग-अलग राज्य, बोली-भाषा और वेशभूषा के चलते रामलीलाओं में हल्का-फुल्का मजाक और अंतर देखने को भी मिलता है, लेकिन कई बार दर्शकों को बिठाए रखने के चक्कर में आयोजक हदें पार कर देते हैं. हाल ही में ऐसी ही एक रामलीला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सूपर्णखा लक्ष्मण के सामने ऐसा नाचती है कि दर्शक तो टकटकी बांधकर देखते ही हैं, बल्कि इस वीडियो को ऑनलाइन भी अभी तक लाखों लोग देख चुके हैं.
इस वीडियो में देख सकते हैं कि रामलीला में सूपर्णखा और लक्ष्मण का प्रसंग आता है. जब सूपर्णखा लक्ष्मण पर मंत्रमुग्ध हो जाती है और उन्हें पाने के लिए यत्न करती है. सूपर्णखा की इसी कोशिश को यहां इतने फिल्मी अंदाज में पेश किया जाता है कि एक बार को यकीन नहीं होता कि रामलीला देख रहे हैं फिल्म. दरअसल इसमें सूपर्णखा लक्ष्मण के सामने राज मूवी के गाने, ‘आपके प्यार में हम संवरने लगे, देख के आपको हम निखरने लगे’….. पर झूम-झूमकर नाचती है. यह पूरा गाना रामलीला के मंच पर बजता है और सूपर्णखा नाचती है.
सिर्फ यही नहीं सूपर्णखा के और भी कई वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं. इनमें से एक में सूपर्णखा मर्यादा पुरुषोत्तम राम के सामने भी नाच रही है और गाना बज रहा है, राम-लखन मूवी का, ‘ओ रामजी.. बड़ा दुख दीना, तेरे लखन ने, बड़ा दुख दीना’…. इस गाने को फिल्म में माधुरी दीक्षित ने परफॉर्म किया था, जिसमें लखन की भूमिका में अनिल कपूर थे और उनके बड़े भाई थे जैकी श्रॉफ.
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल रामलीला के इस वीडियो को अभी तक 3.3 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं. यह वीडियो सुपर क्लब रामलीला कमेटी रजिस्टर्ड के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया गया है. यह पूरा पेज ही रामलीला के मंचन के वीडियो से भरा पड़ा है. हालांकि न्यूज18हिंदी इनमें से किसी भी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है कि यह अभी की रामलीला का है या पहले की किसी रामलीला का है.
ऑनलाइन मिली जानकारी के मुताबिक यह रामलीला कमेटी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की बताई जा रही है, जो सहारनपुर में ही हर साल रामलीला का आयोजन करती है. इस कमेटी के कलाकर ही मंचन में भूमिकाएं निभाते हैं.
ऐसे में इस वायरल वीडियो पर लोगों के कमेंट भी अलग-अलग आ रहे हैं. जहां कुछ लोग इस रामलीला को मजेदार और टिकाऊ बता रहे हैं तो कुछ लोग इसे भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाना भी कह रहे हैं.