Last Updated:
Delhi Raipur IndiGo flight emergency landing: दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 734) रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी. हवा में 4-5 चक्कर लगाने के बाद विमान को नागपुर डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. इस विमान में कई कांग्रेसी नेता सवार थे.
सांकेतिक फोटो.
रिपोर्ट: विशु शुक्ला
Raipur News: दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E 734) 13 सितंबर को रायपुर के माना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी. विमान ने रायपुर एयरपोर्ट के ऊपर हवा में ही करीब 4 से 5 बार चक्कर लगाए और लैंडिंग का प्रयास किया. इसके बावजूद हवा में संतुलन न बन पाने के कारण लैंडिंग संभव नहीं हो सकी. आखिरकार पायलट ने फ्लाइट को नागपुर की ओर डायवर्ट कर दिया, जहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई.
विमान में सवार थे कई दिग्गज नेता
इस फ्लाइट में दिल्ली से लौट रहे छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और विधायक सवार थे. फ्लाइट के अचानक डायवर्ट होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
खराब मौसम और एटीसी में खराबी बनी वजह
विमान की लैंडिंग न हो पाने के पीछे खराब मौसम और तकनीकी वजहें बताई जा रही हैं. सूत्रों के अनुसार, रायपुर एयरपोर्ट के आसपास काफी तेज हवाएं चल रही थीं और मौसम प्रतिकूल था. तेज हवाओं के कारण विमान लैंड नहीं हो पा रहा था. सूत्रों की मानें तो मंगलवार को माना एयरपोर्ट के एटीसी (ATC) में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी. इसका असर रायपुर आने वाली अन्य उड़ानों पर भी पड़ा.
विमान नागपुर से रायपुर के लिए भरेगा उड़ान
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, मौसम सामान्य होते ही रायपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन फिर से शुरू हो गया है. नागपुर में उतारी गई इंडिगो फ्लाइट को भी अब रायपुर के लिए रवाना करने के निर्देश दे दिए गए हैं.