Last Updated:
Varanasi News: धार्मिक नगरी काशी के व्यावसायिक ढांचे को नई मजबूती देने के लिए वाराणसी नगर निगम शहर का पहला हाईटेक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार कर रहा है. सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में 42 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आकार ले रहे इस बहुमंजिला प्रोजेक्ट में न सिर्फ आधुनिक दुकानें सजेंगी, बल्कि फाइव स्टार सुविधाओं से लैस होटल भी विकसित किया जाएगा. छोटे व स्थानीय कारोबारियों को किफायती दर पर व्यापार का अवसर देने के मकसद से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट शहर के आर्थिक विकास को नई रफ्तार देगा.
Varanasi News: यूपी के वाराणसी में नगर निगम पहला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तैयार कर रहा है. सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम में बन रहे इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में कई दुकानें होंगी. इसके अलावा यहां फाइव स्टार सुविधा वाले होटल का निर्माण भी होगा. बहुमंजिला इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 42 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो रहे हैं. इस कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण से शहर का व्यावसायिक विकास होगा.
नगर निगम द्वारा बनाया जा रहा यह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर का पहला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होगा जिसमें एक छत के नीचे लोग अपने जरूरत के सामानों को खरीद सकेंगे. नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में नीचे दुकानें और ऊपर होटल होगा. G+3 फ्लोर में बन रहे इस कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में करीब 40 से ज्यादा दुकानें होंगी. इसके अलावा करीब 40 कमरों का यहां होटल भी होगा.
बनेंगे कई कमर्शियल कॉम्प्लेक्स
इस कमर्शियल कॉम्प्लेक्स से न सिर्फ शहर की व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी बल्कि इससे आने वाले समय में वाराणसी नगर निगम को बड़ा फायदा भी होगा. यह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स नगर निगम को आर्थिक रूप से मज़बूत भी करेगा. बताते चलें कि नगर निगम शहर के अलग-अलग जगहों पर ऐसे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करा रहा है. फिलहाल सिगरा के अलावा घोड़ा अस्पताल की खाली जमीन पर भी कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण हो रहा है.
होटल और दुकान के साथ होगी पार्किंग
लगातार अफसर भी इस प्रोजेक्ट पर नजर बनाए रखे हैं. हर महीने इसकी प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा भी की जा रही है. माना जा रहा है अगले साल जनवरी महीने तक इसके निर्माण का काम भी पूरा हो जाएगा. उसके बाद यहां दुकानों का अलॉटमेंट किया जाएगा. यह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स हाईटेक सुविधा से लैस होगा. दुकान और होटल के अलावा यहां पार्किंग की व्यवस्था भी होगी. साथ ही साथ नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी यहां डेवलप किया जाएगा.
कम कीमत पर मिलेंगी दुकानें
बताते चलें कि प्राइवेट शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्थानीय दुकानदारों को महंगे किराए पर दुकान मिलती है लेकिन इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में उन्हें कम कीमत पर दुकानें मिल सकेंगी. जिससे छोटे पूंजी वाले व्यापारी भी आत्मनिर्भर हो सकेंगे.