Last Updated:
Avanti Bai Statue: मध्य प्रदेश के डिंडौरी में एक युवक अचानक से रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ गया और उसने तलवार अपनी छाती पर अड़ा ली. इससे उसके खरोचें आ गईं. बाद में पुलिस के समझाने के बाद वह युवक नीचे उतरा. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. युवक ने बताया कि उसकी अपने साथी के साथ मारपीट हो गई थी. इसी वजह से उसने यह कदम उठाया.
मध्य प्रदेश के डिंडौरी में अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ा युवक
Dindori News: डिंडौरी बस स्टैंड पर रोज की ही तरह भीड़-भाड़ थी. बस स्टैंड पर लोग आ-जा रहे थे. लेकिन दोपहर को यह सन्नाटा चीख पुकार में बदल गया. जब एक शख्स अचानक से चौराहे पर लगी वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा पर चढ़ गया. तो इससे सभी हैरान रह गए. युवक ने रानी के हाथ से तलवार निकाल ली और अपनी छाती पर अड़ा ली. इसके बाद वह घोड़े के ऊपर चढ़कर सवारी करने लगा. जरा सी चूक होने पर एक बड़ा हादसा हो सकता था. देखते ही देखते मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा.
युवक की पहचान गाड़ासरई थाना क्षेत्र के मझियाखार निवासी नंदलाल वनवासी के रूप में हुई. नंदलाल भोपाल में मजदूरी करता था और अपने एक दोस्त के साथ वापस डिंडोरी लौट रहा था. सफर के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट तक जा पहुंची. हद तो तब हो गई जब मारपीट के बाद उसका दोस्त उसे बीच रास्ते में अकेला छोड़कर भाग खड़ा हुआ.
पुलिस ने युवक को उतारा नीचे
इसके बाद पुलिस को पता चला, तो वह उसने समझा-बुझाकर युवक को नीचे उतार दिया. पुलिस अधिकारियों ने बेहद धीरज और सूझबूझ से काम लिया. वह नीचे खड़े होकर करीब 20 मिनट तक नंदलाल से बात करते रहे और उसे समझा-बुझाकर धीरे-धीरे उसका गुस्सा शांत किया. आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.
युवक को आई थी खरोचें
जब युवक नीचे उतरा था, तो तलवार अड़ाने की वजह से नंदलाल की छाती पर खरोंचें आई थीं, साथ ही हाथ-पैर में भी मारपीट की चोट के निशान थे. पुलिस ने बिना देर किए उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने उसका इलाज किया.
पुलिस कर रही युवक से पूछताछ
कोतवाली थाना के टीआई दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने कहा कि नंदलाल वनवासी नाम का एक युवक है. वह भोपाल से लौट रहा था. कुछ बात को लेकर उसका विवाद हुआ था और उसी बात को लेकर वह आक्रोशित होकर कि मुझे मारपीट करेंगे. वह अवंतीबाई की प्रतिमा पर चढ़ गया. पुलिस के द्वारा उसको उतारा गया है और अस्पताल ले जाया गया है कि कहीं ये मानसिक रूप से बीमार तो नहीं है. अभी उसको थाने लाया जा रहा है. अभी वह ठीक से बोल नहीं रहा है. लेकिन हमारी पूछताछ जारी है.
(रिपोर्ट-भीमाशंकर साहू)