Last Updated:
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्र ने रैगिंग की शिकायत की है. एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीनियर छात्रों से पूछताछ की जा रही है.
हमीरपुर. हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एमबीबीएस के फर्स्ट ईयर के छात्र ने रैगिंग के आरोप लगा हैं. मामले में एमबीबीएस सेकंड ईयर के आधा दर्जन से अधिक छात्र संदेह के घेरे में बताए जा रहे हैं. शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की अहम बैठक हुई, जिसमें शिकायत के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र बाहरी राज्य का रहने वाला बताया जा रहा है. आरोप है कि कुछ सीनियर छात्रों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे मानसिक रूप से परेशान किया. इसके बाद छात्र ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष ई मेल के माध्यम से अपनी शिकायत प्रिंसिपल को भेजी.
इस दौरान संदेह के दायरे में आए कुछ छात्रों को एक-एक करके कमेटी के समक्ष बुलाया गया और बंद कमरे में उनसे पूछताछ की गई. कमेटी ने संबंधित छात्रों के बयान भी दर्ज किए हैं, ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.
मेडिकल कॉलेज के डॉ. रमेश भारती ने बताया कि गत सुबह उनके पास प्राध्यापक मोनिका ने उन्हें जानकारी दी की एक ईमेल आया है, जिसमें छात्र ने उसके साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत है. उन्होंने बताया कि शिकायत में लिखा गया है कि सीनियर छात्रों की ओर से आंख से आंख ना मिलाने, बताए गए तरीके से नाम पुकारने सहित व्यवहार के लिए एक पत्र दिया गया है. उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के दायरे में आए कुछ छात्रों से गहन पूछताछ की गई है.
उन्होंने कहा कि कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ छानबीन कर रही है.प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट में कोई छात्र दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.