बिहारी बाबू का जलवा, IITian अभिषेक आनंद जापान की क्रिकेट टीम में मचा रहे धूम
Last Updated:
Bihar IITian Japani cricketer Abhishek Anand Success Story: IIT कानपुर से पढ़े बिहार के अभिषेक आनंद जापान की नेशनल क्रिकेट टीम में खेल चुके हैं. उन्होंने 18 T20I मैचों में 275 रन बनाए हैं. यह उनका पढ़ाई और नौकरी के साथ क्रिकेट के जुनून को जिंदा रखने का सफर काफी रोचक है. जानिए रोहतास से टोक्यो के इनके सफर को.
पटना: बिहार के युवाओं की प्रतिभा का डंका अब विदेशों में भी बज रहा है. रोहतास मूल के अभिषेक आनंद ने पढ़ाई और नौकरी के साथ क्रिकेट के अपने जुनून को जिंदा रखा. अब वह जापान की नेशनल क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं. जापान क्रिकेट एसोसिएशन ने 2026 के Men’s Japan National Squad में भी अभिषेक आनंद को शामिल किया. हालांकि अभी चल रहे टूर्नामेंट में इनका चयन नहीं हुआ है. जानिए बिहार से आईआईटी फिर जापान और जापान के नेशनल क्रिक्रेट टीम में इनके सफर की कहानी को.
IIT कानपुर से जापान के नेशनल टीम तक
अभिषेक ने बिहार में स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद IIT कानपुर से BS-MS (Chemistry) की पढ़ाई की. इसके बाद 2022 में ग्रेजुएट हुए. IIT कानपुर ने भी उनकी कहानी को अपने Alumni Spotlight में जगह दी है. इसमें बताया है कि उन्होंने केमिस्ट्री से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर तय किया.
नौकरी के लिए जापान पहुंचे, क्लब क्रिकेट से बनाई जगह
अभिषेक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें वो बतला रहे हैं कि बचपन से ही मुझे क्रिकेट खेलने का शौक था. नौकरी के सिलसिले में जापान पहुंचने के बाद उन्होंने वहां क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया. धीरे-धीरे घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के दम पर उन्होंने जापान की राष्ट्रीय टीम तक जगह बनाई. जापान क्रिकेट एसोसिएशन के रिकॉर्ड के मुताबिक अभिषेक का T20 इंटरनेशनल डेब्यू 9 मई 2025 को कुक आइलैंड्स के खिलाफ हुआ था. उनका जन्म बिहार के रोहतास में हुआ है. वह दाएं हाथ के बल्लेबाज के साथ राइट-आर्म मीडियम तेज गेंदबाजी भी करते हैं.
18 T20 इंटरनेशनल में 275 रन
अभिषेक अब तक 18 T20I मैचों में 275 रन बना चुके हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 55 रन है. उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है. गेंदबाजी में उनके नाम एक विकेट है, जबकि फील्डिंग में 9 कैच दर्ज हैं. 2026 में थाईलैंड ओपन T20I सीरीज के दौरान भी उनका बल्ला चला. उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ 28 गेंदों पर 43 रन और बहरीन के खिलाफ 17 गेंदों पर नाबाद 37 रन की पारी खेली.
‘बिहारी को अंडरएस्टिमेट मत कीजिए’
अभिषेक ने कहा कि बिहारी को अंडरएस्टिमेट मत कीजिए. उनका सफर सिर्फ क्रिकेट की कहानी नहीं, बल्कि उस जुनून की कहानी है. जिसे उन्होंने पढ़ाई और नौकरी के बीच भी छोड़ा नहीं. सोशल मीडिया पर उनके बारे में @tokyowalababu ने भी मजेदार अंदाज में लिखा कि बिहारी बाबू का जलवा देखिए…पासपोर्ट Indian, Jersey Japanese, और Attitude पूरा Bihari. अभिषेक की कहानी बिहार के उन युवाओं के लिए भी खास संदेश देती है जो नौकरी और करियर की दौड़ में अपने किसी पुराने जुनून को पीछे छोड़ देते हैं. IIT की पढ़ाई, जापान में नौकरी और फिर नेशनल क्रिकेट टीम. अभिषेक आनंद ने दिखा दिया कि जुनून अगर जिंदा रहे, तो मैदान बदल सकता है सपना नहीं.