बोकारो में दिखेगी नासिक के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर की झलक, 15 लाख की लागत से बन रहा दुर्गा पूजा पंडाल

बोकारो में दिखेगी नासिक के प्रसिद्ध स्वामीनारायण मंदिर की झलक, 15 लाख की लागत से बन रहा दुर्गा पूजा पंडाल


Last Updated:

Bokaro Durga Puja Pandal: बोकारो के सेक्टर-2सी में 15 लाख की लागत से नासिक के स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल बन रहा है. इसे षष्ठी के दिन भक्तों के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा. सुरक्षा के लिए 35 सीसीटीवी कैमरे और वालंटियर भी तैनात रहेंगे.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

बोकारो. दुर्गा पूजा को लेकर बोकारो में उत्साह और उमंग का माहौल है और शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं. इस बार बोकारो के सेक्टर-2सी का दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है. क्योंकि यहां महाराष्ट्र के नासिक स्थित स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. करीब 15 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पंडाल की ऊंचाई 100 फीट और चौड़ाई 110 फीट होगी. भव्य मंदिर के प्रारूप में तैयार हो रहा यह पंडाल अपनी आकर्षक सजावट और अनूठी बनावट से सभी श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेगा.

15 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा भव्य पंडाल
सेक्टर-2सी दुर्गा पूजा पंडाल कमेटी के अध्यक्ष संदीप ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को विशेष रूप से भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है. पंडाल का निर्माण नासिक के स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर किया जा रहा है, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा की ऊंचाई करीब 10 फीट होगी. इसके निर्माण में पश्चिम बंगाल और स्थानीय पिंड्राजोडा के कारीगर जुटे हुए हैं.

आगे उन्होंने बताया कि पंडाल निर्माण का काम 16 तारीख से चल रहा है. करीब 35 से 40 कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को भव्य और खूबसूरत पंडाल देखने को मिले. कमेटी की कोशिश है कि सजावट से लेकर निर्माण की बारीकियों तक हर पहलू को बेहतर बनाया जाए.

पूजा कमेटी के अनुसार, षष्ठी के दिन पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा. इसके बाद श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर सकेंगे और मेले का आनंद उठा पाएंगे. आयोजन के दौरान पूजा पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

सुरक्षा के लिए 35 सीसीटीवी कैमरे और 100 से 150 वॉलंटियर रहेंगे तैनात
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. कमेटी अध्यक्ष संदीप के मुताबिक, पंडाल और मेला परिसर में निगरानी के लिए करीब 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा 100 से 150 वॉलंटियर तैनात रहेंगे, जिनके लिए अलग ड्रेस कोड निर्धारित किया जाएगा.

वहीं पंडाल में सुरक्षा के मद्देनजर अग्निशमन व्यवस्था भी की जा रही है. इसके लिए संबंधित विभाग से एनओसी ले ली गई है. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि दर्शन के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े.

थर्माकोल की आकर्षक डिजाइन से सजेगा मंदिर
पंडाल निर्माण में जुटे कारीगर अताबुद्दीन ने बताया कि वह 16 तारीख से इस काम में लगे हुए हैं. फिलहाल पंडाल में कपड़े की फिनिशिंग और सजावट का काम किया जा रहा है. इसके बाद थर्माकोल की मदद से विशेष डिजाइन तैयार किए जाएंगे, जिससे मंदिर के प्रारूप को और भी आकर्षक बनाया जा सके.



Source link