भोपाल-इंदौर में दिन में खिलेगी धूप…शाम हल्की सर्द, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट

भोपाल-इंदौर में दिन में खिलेगी धूप…शाम हल्की सर्द, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट


जबलपुर. मध्य प्रदेश में मानसून के विदा होने के बाद दिन में गर्मी, तो रात में ठंड महसूस हो रही है. पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है. इंदौर में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. राजधानी भोपाल, विदिशा, जबलपुर, ग्वालियर, धार, उज्जैन, पचमढ़ी समेत लगभग सभी जिलों में पारा लगातार गिर रहा है. दिन में तेज धूप के चलते गर्मी और उमस का असर बना हुआ है लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट होने से राहत महसूस हो रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर महीने में बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड इसी तरह बना रहेगा. IMD द्वारा 6 अक्टूबर से लेकर 11 अक्टूबर तक पूर्वी और उत्तरी राज्य में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान बताया गया था, जो सही साबित हुआ. सीधी, सिंगरौली, पन्ना, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सतना समेत ज्यादातर पूर्वोत्तर जिलों में आंधी-बारिश देखने को मिली. आज यानी 13 अक्टूबर 2026, दिन मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज किसी भी जिले में बारिश होने की संभावना नहीं है. दरअसल मध्य प्रदेश में बीते दिनों दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव रहे, जिसके चलते मानसून के विदा होने के बाद भी बारिश हो रही थी. फिलहाल आज और कल बारिश से राहत मिलेगी लेकिन बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया एक्टिव होने से 15 अक्टूबर से राज्य में फिर से बारिश का दौर जारी रह सकता है, खासकर पूर्वोत्तर जिले इससे प्रभावित हो सकते हैं.

राजधानी भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज आंधी-तूफान या बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है. मौसम पूरी तरह खुला रहेगा. दिन के समय तापमान में वृद्धि होने से गर्मी और उमस महसूस होगी, तो वहीं शाम को तापमान गिरने से कुछ राहत मिलेगी. प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी आज कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा. आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और अंतर दिखेगा. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस खरगोन में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस अमरकंटक (अनूपपुर) और इंदौर में रिकॉर्ड हुआ.

MP में 24 जून को हुई थी मानसून की एंट्री
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है. मानसून ने इस साल राज्य में 24 जून को एंट्री ली थी और तीन अक्टूबर को विदाई ली. प्रदेश में मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस मानसून सीजन में 908.4 मिमी (35.8 इंच) बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से चार फीसदी कम है. पूर्वी राज्यों में चार प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई. वहीं पश्चिमी राज्यों में 12 फीसदी कम बारिश हुई. भोपाल, ग्वालियर, कटनी, राजगढ़ समेत प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं 30 जिलों में कम बारिश हुई, जिनमें जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, रीवा और सागर भी शामिल हैं.

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.

3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.

4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.

5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.

6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.

7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link