टी20 के 5 सबसे सफल कप्तान, जिन्होंने टीम की जीत में बनाए सबसे ज्यादा रन, दो के नाम पांच शतक

टी20 के 5 सबसे सफल कप्तान, जिन्होंने टीम की जीत में बनाए सबसे ज्यादा रन, दो के नाम पांच शतक


होमखेलक्रिकेट

टी20 मैचों की जीत में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 दिग्गज कप्तान

Last Updated:

5 captains most run in winning t20 matches: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी करते हुए टीम को जीत दिलाना और खुद बल्ले से रन बनाना एक बड़ी कला है. जीती हुई पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तानों की लिस्ट में बाबर आजम टॉप पर हैं. इसके बाद यूएई के मुहम्मद वसीम, भारत के रोहित शर्मा, ऑस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच और जापान के कैडोवाकी-फ्लेमिंग का नाम आता है.

Zoom

टी20 मैचों की जीत में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 दिग्गज कप्तान.

नई दिल्ली. टी20 क्रिकेट में कप्तानी की जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी टीम को जीत दिलाना आसान काम नहीं होता. लेकिन दुनिया में कुछ ऐसे धाकड़ बल्लेबाज हुए हैं, जिन्होंने न सिर्फ अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया, बल्कि मोर्चे से आगे बढ़कर जीत की पटकथा भी लिखी. जब मुकाबला जीता गया हो और कप्तान के बल्ले से रन बरसे हों, तो मैच का रोमांच और बढ़ जाता है. आइए नजर डालते हैं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के उन 5 सबसे सफल कप्तानों के रिकॉर्ड्स पर, जिन्होंने अपनी कप्तानी में मिली जीतों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं.

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम (Babar Azam) इस लिस्ट में सबसे ऊपर विराजमान हैं. साल 2020 से 2024 के बीच बाबर ने अपनी कप्तानी में पाकिस्तान को 48 टी20 मुकाबलों में जीत दिलाई. इस दौरान उन्होंने 47 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 42.95 की बेहतरीन औसत से 1761 रन बनाए. बाबर जब अपनी टीम को मैच जिताते हैं, तो उनकी बल्लेबाजी की क्लास देखते ही बनती है. उनका स्ट्राइक रेट 134.63 का रहा और सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन रहा. अपनी कप्तानी में मिली जीतों के दौरान बाबर ने 3 शानदार शतक और 16 अर्धशतक जड़े. साथ ही उन्होंने 23 बार 30 से अधिक रनों की पारियां भी खेलीं. उनकी इन पारियों में 192 चौके और 36 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. हालांकि, इस दौरान वह 5 बार शून्य पर भी आउट हुए, लेकिन मैच विनिंग पारियों के मामले में वह सबसे आगे रहे.

यूएई का वो तूफान जो हर विपक्षी पर भारी पड़ा
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के कप्तान मुहम्मद वसीम (Muhammad Waseem) का नाम इस लिस् में देखकर भले ही कुछ लोगों को हैरानी हो, लेकिन उनके आंकड़े बेहद खौफनाक हैं. 2023 से 2026 के बीच वसीम की कप्तानी में यूएई ने 41 मैच जीते, और इन सभी 41 पारियों में वसीम का बल्ला आग उगलता नजर आया. उन्होंने 44.70 की दमदार औसत से 1654 रन बनाए. वसीम का खेल केवल रन बनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि उनका स्ट्राइक रेट 167.23 का रहा, जो इस सूची के सभी कप्तानों में सबसे ज्यादा है. उन्होंने 989 गेंदों का सामना करते हुए 146 चौके और रिकॉर्ड 95 छक्के उड़ाए. वसीम ने अपनी कप्तानी की जीतों में 1 शतक, 16 अर्धशतक और 26 बार 30 से अधिक रनों का योगदान दिया. वह महज 3 बार शून्य पर आउट हुए.

भारत के ‘हिटमैन’ की बेमिसाल लीडरशिप
भारतीय क्रिकेट के ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का नाम इस फेहरिस्त में तीसरे स्थान पर है. 2017 से 2024 के दौरान रोहित की कप्तानी में भारत ने 49 टी20 मुकाबले जीते. रोहित ने इन 49 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 35.72 की औसत से 1572 रन जोड़े. 152.03 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले रोहित का उच्चतम स्कोर 118 रन रहा. अपनी कप्तानी में मिली इन जीतों में उन्होंने 2 शतक और 12 अर्धशतक जड़े, जबकि 21 मौकों पर उन्होंने 30 से अधिक रन बनाए. रोहित के बल्ले से 138 चौके और 89 छक्के निकले. उनकी कप्तानी का आक्रामक अंदाज हमेशा भारतीय टीम की जीत की नींव रखता था.

ऑस्ट्रेलिया को जीत की राह दिखाने वाले ‘पावर-हिट’ कप्तान एरॉन फिंच
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरॉन फिंच (Aaron Finch) का नाम इस सूची में चौथे नंबर पर आता है. 2014 से 2022 के दौरान फिंच ने 40 टी20 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते हुए जीत हासिल की. इन 40 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 40.76 की शानदार औसत से 1386 रन बनाए. फिंच के नाम टी20 कप्तानी में मिली जीत के दौरान 172 रनों की विशाल व्यक्तिगत पारी दर्ज है, जो इस सूची के किसी भी कप्तान का सर्वोच्च स्कोर है. उन्होंने 141.86 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी जीतों में 1 शतक, 12 अर्धशतक व 22 बार 30 से ज्यादा रनों का योगदान दिया. फिंच ने इस दौरान 131 चौके और 57 छक्के लगाए.

जापान क्रिकेट का उगता हुआ सितारा कैडोवाकी-फ्लेमिंग
जापान क्रिकेट टीम के कप्तान के कैडोवाकी-फ्लेमिंग (Kendel Kadowaki-Fleming) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाया है. 2022 से 2026 के दौरान उनकी कप्तानी में जापान ने 35 मैच जीते. फ्लेमिंग ने 34 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 46.55 की अविश्वसनीय औसत से 1350 रन बनाए. फ्लेमिंग का यह औसत इस सूची में शामिल सभी पांच कप्तानों में सबसे ज्यादा है. 144.69 के स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने 2 शतक और 9 अर्धशतक जड़े. इतना ही नहीं, उनकी सबसे बड़ी खासियत यह रही कि वह जीती हुई पारियों में एक बार भी शून्य पर आउट नहीं हुए. उन्होंने अपनी टीमों की जीत में 105 चौके और 66 शानदार छक्के भी जमाए.



Source link