Farming Idea : 3 गुना महंगा बिकेगा आपका धान, ये तरीका किसानों के लिए वरदान, जानिए ट्रिक

Farming Idea : 3 गुना महंगा बिकेगा आपका धान, ये तरीका किसानों के लिए वरदान, जानिए ट्रिक


होमताजा खबरकृषि

3 गुना महंगा बिकेगा आपका धान, ये तरीका किसानों के लिए वरदान, जानिए ट्रिक

Last Updated:

How to make paddy seeds : किसान धान की फसल से कमाई बढ़ाने के लिए पूरी उपज मंडी में बेचने के बजाय स्वस्थ और रोगमुक्त बालियां चुनकर उन्नत बीज तैयार कर सकते हैं. गुणवत्तापूर्ण बीज बाजार में ऊंचे दामों पर बिकता है, जिससे किसान अपनी आमदनी दो से तीन गुना बढ़ा सकते हैं. शाहजहांपुर के किसान रनजोद सिंह लोकल 18 से बताते हैं कि बीज तैयार करने के लिए सबसे जरूरी है कि किसान केवल स्वस्थ, मजबूत और रोगमुक्त पौधों का ही चुनाव करें. खेत के ऐसे हिस्से को चुनें जहां पौधे पूरी तरह स्वस्थ हों और उनमें बालियां एक समान आई हों. जिन बालियों में दाने पूरी तरह भरे हुए हों और उनका रंग एक समान चमकीला हो, उन्हें ही बीज के लिए चुनें. मड़ाई के दौरान दानों को टूटने या छिलने से बचाना बहुत जरूरी है.

शाहजहांपुर. धान की फसल पककर तैयार हो रही है. किसानों के पास अपनी कमाई बढ़ाने का सबसे बेहतरीन मौका है. अगर किसान अपनी पूरी धान की फसल को सीधे बाजार में मंडी भाव पर बेचने के बजाय उसका कुछ हिस्सा बीज बनाकर बेचें, तो वे अपनी आमदनी को दो से तीन गुना तक बढ़ा सकते हैं. बाजार में गुणवत्तापूर्ण बीजों की मांग हमेशा बनी रहती है. थोड़ी सी सावधानी और सही तरीका अपनाकर किसान अपने ही खेत में उन्नत किस्म का बीज तैयार कर सकते हैं. इससे न सिर्फ लागत घटेगी बल्कि उनका मुनाफा भी काफी ज्यादा बढ़ जाएगा. शाहजहांपुर के किसान रनजोद सिंह लोकल 18 से बताते हैं कि सही तरीके से तैयार किया गया बीज किसानों की किस्मत बदल सकता है. बीज तैयार करने के लिए सबसे जरूरी है कि किसान केवल स्वस्थ, मजबूत और रोगमुक्त पौधों का ही चुनाव करें. कमजोर या बीमारी वाले पौधों से बीज बनाने पर अगले साल फसल खराब होने का खतरा रहता है. खेत के ऐसे हिस्से को चुनें जहां पौधे पूरी तरह स्वस्थ हों और उनमें बालियां एक समान आई हों. सही समय पर कटाई, अच्छी सफाई और सही नमी पर सुखाकर रखा गया बीज बाजार में किसानों को बहुत ऊंचे दाम दिलवा सकता है.

न करें ये गलती

रनजोद सिंह कहते हैं कि बीज बनाने के लिए सबसे पहला और जरूरी कदम है सही और बेहतर गुणवत्ता वाली बालियों का चुनाव. पूरे खेत की फसल कटाई एक साथ करने के बजाय, किसान अपने खेत के उस सबसे अच्छे हिस्से को चुनें जहां पौधे मजबूत हों. केवल उन्हीं पौधों की बालियां लें जो पूरी तरह विकसित, लंबी और घनी हों. जिन बालियों में दाने पूरी तरह भरे हुए हों और उनका रंग एक समान चमकीला हो, उन्हें ही बीज के लिए चुनना चाहिए. बीज हमेशा पूरी तरह से स्वस्थ और सेहतमंद पौधों से ही लिया जाना चाहिए. अगर किसी पौधे में थोड़ा सा भी रोग या कीट का असर दिखता है, तो उसकी बालियों का इस्तेमाल बीज के लिए बिल्कुल न करें. कमजोर और बीमार पौधों से तैयार बीज अगली बार फसल की पैदावार कम कर देते हैं. इसलिए खेत में घूमकर केवल मजबूत तने वाले और गहरे हरे रंग के स्वस्थ पौधों को चिन्हित करें. इससे अगले साल आपको रोगमुक्त और बंपर फसल मिलेगी.

कैसे करें मड़ाई

बीज के लिए चुनी गई बालियों की कटाई और मड़ाई का तरीका भी सामान्य फसल से अलग होना चाहिए. इन बालियों को बाकी फसल से अलग काटें और साफ जगह पर रखकर हाथों से या हल्की मड़ाई करके दाने अलग करें. मड़ाई के दौरान दानों को टूटने या छिलने से बचाना बहुत जरूरी होता है. कंकड़, धूल और टूटे हुए बीजों को हवा की मदद से पूरी तरह साफ कर लें. साफ और सुंदर दिखने वाले दानों की बाजार में मांग और कीमत ज्यादा मिलती है.

स्टोर करने का तरीका

रनजोद सिंह बताते हैं कि तैयार बीज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उसे सही नमी तक सुखाना सबसे अहम कदम है. बीजों को कड़क धूप में तब तक सुखाएं जब तक उनमें नमी 10 से 12 प्रतिशत न रह जाए. सूखने के बाद बीजों को नीम की पत्ती या सुरक्षित दवा के साथ साफ जूट के बोरों या एयरटाइट ड्रम में भरकर रखें. बीजों को नमी और चूहों से बचाकर ठंडी जगह पर रखें. सही रखरखाव से बीज की अंकुरण क्षमता बनी रहती है और अच्छी कीमत मिलती है.



Source link