बिल समय पर भरो! राजगढ़ में बिजली कटौती पर हाहाकार, सड़क पर जनता, किसानों का सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा


Last Updated:

राजगढ़ में बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है. अब ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और चक्का जाम किया. बिजली संकट को लेकर किसान भी परेशान हैं. लोगों ने क्षेत्रीय सांसद से जब सवाल किया तो उन्होंने वीडियो बनाने से मना कर दिया. जिसके वीडियो वायरल हो गया.

Top Deals Inside

बिल समय पर भरो! राजगढ़ में बिजली कटौती पर हाहाकार, सड़क पर जनताZoom

राजगढ़ में बिजली कटौती पर हाहाकार, सांसद ने बंद कराया वीडियो

राजगढ़. नवरात्रि में एक तरफ गांव-गांव बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. ग्रामीण सड़कों पर उतरकर चक्का जाम कर रहे हैं. किसान सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. दूसरी तरफ बिजली संकट को लेकर जनप्रतिनिधियों के बयानों और वायरल वीडियो ने जिले की सियासत को भी गरमा दिया है. सवाल अब सिर्फ बिजली कटौती का नहीं, बल्कि यह भी है कि आखिर जनता की परेशानी का जवाब कौन देगा?

जिले में बिजली संकट के बीच क्षेत्रीय सांसद रोडमल नागर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर चर्चा है कि बिजली कटौती पर सवाल पूछे जाने के दौरान कैमरा बंद कराने की बात सामने आई. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब जनता बिजली के लिए परेशान है, तब उसके सवालों का सामना करने में जनप्रतिनिधियों का रुख क्या है?

वहीं, जिले के कौशल विकास मंत्री गौतम टेटवाल ने वीडियो जारी कर बिजली कटौती के मुद्दे पर विद्युत विभाग के सीएमडी से चर्चा करने और समाधान का भरोसा दिलाया है. मंत्री ने उपभोक्ताओं से बिजली बिल समय पर जमा करने की अपील करते हुए कहा कि व्यवस्था बेहतर होगी. लेकिन दूसरी ओर ग्रामीणों का सवाल है कि बिल भरने के बावजूद जब घरों में बिजली नहीं मिलती, तो आखिर राहत कब मिलेगी?

करेड़ी में चक्का जाम, 32 गांवों में नाराजगी
बिजली कटौती के खिलाफ करेड़ी में विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. करेड़ी ग्रिड से जुड़े करीब 32 गांवों में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. नवरात्रि के पहले दिन भी बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने चक्का जाम किया. करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम के हालात बने रहे.

महेंद्र सिंह पंवार ने चेतावनी दी कि नवरात्रि में रात के समय छोटी बच्चियां और महिलाएं झांकियां देखने निकलती हैं. ऐसे में अंधेरे के कारण कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी. ग्रामीणों ने नवरात्रि के पूरे नौ दिन बिजली देने का लिखित आश्वासन मांगा और साफ कहा कि उन्हें सिर्फ मौखिक भरोसा नहीं, व्यवस्था में सुधार चाहिए.

किसानों का सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
बिजली कटौती को लेकर किसान भी लगातार सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. कहीं रात के अंधेरे को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो कहीं खेती और रोजमर्रा के काम प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं. कांग्रेस लगातार प्रदर्शन और चक्का जाम के जरिए सरकार और बिजली विभाग को घेर रही है.



Source link