Last Updated:
Sagar Road Construction: बुंदेलखंड के सागर में लगभग एक दर्जन गांवों से गुजरने वाली 30 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला मार्ग घोषित किया गया है, जिससे इसे दो लेन सड़क बनाया जाएगा और हाईवे और रेलवे स्टेशन से कनेक्टिविटी मिलेगी. 30 किलोमीटर लंबी सड़क को लगभग 65 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा.
सागर. बुंदेलखंड के सागर में सड़कों की कनेक्टिविटी और नेटवर्क को बहुत मजबूत किया जा रहा है. एक-एक गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. इसी क्रम में अब लगभग एक दर्जन गांव से गुजरने वाली 30 किलोमीटर लंबी सड़क को जिला मार्ग घोषित किया गया है जिसके चलते सिंगल पटरी वाली खस्ताहाल सड़क अच्छी गुणवत्ता मजबूत स्ट्रक्चर के साथ 2 लाइन सड़क बनाई जाएगी. जहां से यह सड़क गुजरेगी वहां के लोगों को स्टेट हाईवे नेशनल हाईवे के साथ सेंट्रल यूनिवर्सिटी और रेलवे स्टेशन तक का पहुंच मार्ग भी बेहद सुलभ हो जाएगा. मजबूत कनेक्टिविटी मिलने से इन गांव की आर्थिक और सामाजिक रूप से भी उन्नति होगी.
बता दें कि सागर जिले में लगभग 81 किलोमीटर तीन ग्रामीण सड़कों को जिला मार्ग बनाया जा रहा है जिसकी लगभग सैद्धांतिक सहमति भी बन चुकी है. इनके निर्माण के लिए डीपीआर भी बन गई है. संभावित बजट भी तय हो गया है. अब शासन से हरी झंडी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया होने के बाद इन सड़कों का निर्माण कार्य किया जाएगा. इन तीन सड़क में डॉक्टर हरिसिंह गौर सेंट्रल यूनिवर्सिटी की घाटी के नीचे से रोड शुरू होकर पामाखेड़ी साईं खेड़ा होते हुए रेलवे स्टेशन लिधौरा तक जाएगी इसके बाद लिधौरा गांव से शुरू होकर डूंगसरा, सानौधा, मझगवां कर्रापुर तक बनाई जाएगी.
एक साल में तीन बार बनी सड़क
बताया जा रहा है कि पहले रेलवे का जो माल गोदाम सागर स्टेशन के पास रेलवे प्लेटफार्म नंबर 2 के किनारे हुआ करता था अब इस माल गोदाम को लिधौरा रेलवे स्टेशन के पास शिफ्ट कर दिया गया है, जिसकी वजह से यहां पर भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही अधिक हो गई है इसके चलते यह सड़क पिछले एक साल में तीन बार बन चुकी है लेकिन यह जल्दी-जल्दी खराब हो रही है. ऐसे में इस सड़क को जिला मार्ग बनाए जाने की तैयारी की गई है इसी से यह सिंगल पटरी सड़क 2 लाइन सड़क हो जाएगी साथ ही इसके रखरखाव के लिए बजट भी मिलने लगेगा और समय-समय पर इसका मेंटेनेंस होगा.
लगभग 65 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यांत्रिक साहित्य तिवारी ने बताया कि इस सड़क को जिला मार्ग घोषित करने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन के लिए भेज दिया गया है. अब इस सड़क को बनाने के लिए बजट में मंजूरी मिल जाएगी. 30 किलोमीटर लंबी सड़क को लगभग 65 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा. यह सड़क नेशनल हाईवे 44 के पास से शुरू होकर बनेगी और सागर कानपुर नेशनल हाईवे 934 को जोड़ेगी, बीच में यह सड़क सागर जबलपुर स्टेट हाईवे 63 को भी कनेक्ट करेगी, साथ ही सड़क मार्ग के साथ-साथ यह इन ग्रामीण इलाकों को रेलवे स्टेशन तक पहुंच की सुविधा भी आसान करेगी.