दुर्लभ स्फटिक शिवलिंग के निर्माण की प्रक्रिया और इतिहास जानिए
Last Updated:
Sphatik Shivling History: तेलंगाना की प्राचीन परंपरा में स्फटिक शिवलिंग को तराशने और पूजने का इतिहास सदियों पुराना है. जानिए कैसे तैयार होते हैं दुर्लभ स्फटिक शिवलिंग और क्या है इनकी निर्माण कला.
हैदराबाद: तेलंगाना की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा में पत्थरों से शिवलिंग तराशने और पूजने का इतिहास सदियों पुराना है. वेमुलवाड़ा के राजराजेश्वर स्वामी मंदिर, वारंगल के ऐतिहासिक हजार स्तंभ मंदिर और कालेश्वरम जैसे पौराणिक शैव स्थलों की धरती पर स्फटिक और पन्ना पत्थर शिवलिंग का विशेष महत्व रहा है. आदि शंकराचार्य के समय से ही दक्षिण भारतीय मठों और मंदिरों में स्फटिक शिवलिंग की स्थापना को परम शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता रहा है. आज भी तेलंगाना के लाखों परिवारों में घर के मंदिर में स्फटिक शिवलिंग स्थापित करने की अटूट परंपरा है.
क्रिस्टल वर्कशॉप की विजया दुर्गा अनुसार स्फटिक मूल रूप से प्राकृतिक सिलिकॉन डाइऑक्साइड यानी क्वार्ट्ज क्रिस्टल पत्थर होता है. इसे तराशना किसी साधारण पत्थर के मुकाबले कहीं अधिक कठिन और जटिल प्रक्रिया है:
1. कच्चे क्रिस्टल का चयन: खदानों से निकले ठोस और प्राकृतिक पारदर्शी पत्थरों को छांटा जाता है.
2. कटिंग और मूल आकार: कटर मशीनों से पत्थर के अनावश्यक हिस्सों को काटकर शिवलिंग और योनि-पीठ का प्राथमिक ढांचा दिया जाता है.
3. बारीक नक्काशी: कुशल कारीगर छेनी और ग्राइंडर औजारों से शिवलिंग की गोलाई और जलधारी की ढलान को हाथ से तराशते हैं. क्रिस्टल में आंतरिक दरारों का खतरा रहता है इसलिए जरा सी असावधानी से पत्थर टूट सकता है.
4. घिसाई और बफिंग: अंत में सिलिकॉन कार्बाइड पाउडर और विशेष व्हील पर पानी के साथ कई घंटों तक इसकी पॉलिशिंग होती है जिससे इसमें प्राकृतिक कांच जैसी चमक आती है.
तेलंगाना के हैदराबाद, सिकंदराबाद और आसपास के जिलों में पूजा सामग्री के बाजारों में मूल स्फटिक की मांग लगातार बनी रहती है. इन पर नक्काशी करने वाले वरिष्ठ शिल्पी और कारीगर औसतन 700 से 1,200 रुपए प्रतिदिन की दिहाड़ी कमाते हैं. मासिक रूप से देखें तो एक कुशल कारीगर की नियमित आय 22,000 से लेकर 35,000 रुपए के बीच होती है.
कारीगरों के सामने अपनी प्रामाणिक कला
तैयार स्फटिक शिवलिंग अपने आकार और प्राकृतिक स्पष्टता के आधार पर बाजार में 1,500 से लेकर 50,000 रुपए या उससे भी अधिक कीमत में बेचे जाते हैं. हालांकि आधुनिक दौर में कांच या सिंथेटिक रेजिन से बने नकली शिवलिंगों के सस्ते विकल्पों के कारण असली प्राकृतिक पत्थरों पर दिन-रात मेहनत करने वाले इन पारंपरिक कारीगरों के सामने अपनी प्रामाणिक कला को जीवित रखने की चुनौती बनी हुई है.