‘दिवाली तक बंद नहीं होंगे बाजार’: 2000 करोड़ के नुकसान से भड़के कारोबारी
Last Updated:
Delhi Markets Close: त्योहारी सीजन में धरने-प्रदर्शनों के नाम पर दुकानें जबरन बंद कराए जाने और भारी आर्थिक नुकसान को लेकर दिल्ली के व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सभी बाजारों और दुकानदारों को पुख्ता सुरक्षा देने की मांग की है.
दिल्ली के कारोबारी ने पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा मांगी है. (एएनआई)
Delhi CJP Protest: दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर मांग की है कि दिल्ली के बाजारों और दुकानदारों को पूरी सुरक्षा प्रदान की जाए. CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने बताया कि 10 अक्टूबर को धरने-प्रदर्शन के दौरान कुछ बाजारों और दुकानों को बंद करने को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापारियों को हिदायत दी गई थी, कई जगहों पर पुलिस और प्रशासन ने व्यापारियों पर बाजार बंद करने का दबाव बनाया, जिसके कारण व्यापारियों को मजबूरी में दुकानें बंद करनी पड़ीं और 2000 करोड़ का व्यापार ठप हो गया.
CTI ने पत्र में मांग की है कि:
1. स्थानीय प्रशासन व्यापारियों और दुकानदारों पर बाजार बंद करने का दबाव न डाले.
2. दिल्ली पुलिस सभी बाजारों और दुकानदारों को पूरी सुरक्षा प्रदान करे.
3. व्यापारियों को निर्भय होकर अपनी दुकानें खोलने दी जाएं.
CTI महासचिव रमेश आहूजा और उपाध्यक्ष राहुल अदलखा ने बताया, “दिल्ली में फेस्टिवल सीजन शुरू हो गया है, नवरात्रि और रामलीलाएं शुरू हो गई है, दिवाली तक का समय हमारे व्यापारियों के लिए साल भर की कमाई का समय है. 10 अक्टूबर को प्रशासन के कहने पर बाजार बंद हुए, अब हम बाजार बंद नहीं करेंगे. व्यापारी अपनी दुकानें खोलेंगे. दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है कि वो बाजारों को सुरक्षा दे.” CTI ने कहा है कि व्यापारी दिल्ली पुलिस के साथ सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन दिवाली तक अब किसी भी धरने-प्रदर्शन के कारण बाजार बंद नहीं होंगे.