Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार के चंपारण समेत 8 जिलों में आज बादल छाए रहने की संभावना है. नेपाल में हुई भीषण बारिश और भूस्खलन से गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है. इससे वाल्मीकि नगर बैराज पर पानी का दबाव बढ़ सकता है. स्थिति को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में आज सोमवार को मौसम आमतौर पर सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि, बिहार के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के 8 जिलों में बादल छाए रह सकते हैं. इन जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर और कैमूर में हल्की बारिश हो सकती है. बाकी सभी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है. राज्य में आज अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
नेपाल में भूस्खलन, वाल्मीकि नगर बैराज पर बढ़ सकता है पानी
- पड़ोसी देश नेपाल में भूस्खलन के कारण स्थिति थोड़ी संवेदनशील हुई है. नेपाल के गोरखा जिले में भूस्खलन से बूढ़ी गंडकी नदी का बहाव रुक गया, जिससे अचानक बाढ़ आ गई. इसमें नेपाल के जगत क्षेत्र में 5 से 7 मकान बह गए हैं. हालांकि, अभी तक किसी जान-माल के नुकसान या मौत की पुष्टि नहीं हुई है.
- नेपाल की इस बाढ़ का पानी बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित वाल्मीकि नगर बैराज तक पहुंच सकता है. मिट्टी मिला यह पानी देवघाट से गुजर रहा है, जो बैराज से करीब 80 किलोमीटर दूर है. जल संसाधन विभाग के अनुसार, बैराज पर पानी का बहाव 25 हजार क्यूसेक तक बढ़ सकता है. फिलहाल बहाव 50 हजार क्यूसेक है, जो बढ़कर 75 हजार क्यूसेक तक जा सकता है. हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि इससे बिहार के मैदानी इलाकों में किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है.
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
- राजधानी पटना में आज दिन भर मौसम साफ रहने की उम्मीद है. दोपहर के बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं. दिन में हल्की धूप निकलेगी और बारिश के कोई आसार नहीं हैं. पटना में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. हालांकि, शाम के समय मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
बिहार से मानसून की विदाई शुरू
- राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया जारी है. फिलहाल मानसून की वापसी रेखा सुपौल से होकर गुजर रही है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो दिनों में बिहार के बाकी हिस्सों से भी मानसून पूरी तरह विदा हो जाएगा.
अन्य जिलों की स्थिति
- बीते 24 घंटों के दौरान मुंगेर और खगड़िया में हल्की बारिश दर्ज की गई. वहीं, भागलपुर के राघोपुर पंचायत में गंगा नदी के कटाव के कारण एक दो मंजिला मकान नदी में समा गया. रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान कैमूर में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा पटना में 31.7 डिग्री, गया में 29.9 डिग्री और दरभंगा में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. उधर, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र पर भी मौसम विभाग नजर बनाए हुए है.