न्यूजीलैंड में वैभव का कड़ा इम्तिहान, फर्ग्युसन की रॉकेट रफ्तार से होगा सामना
Last Updated:
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन को तीन साल बाद वनडे टीम में जगह मिली है. वापसी के साथ ही फर्ग्युसन भारत के खिलाफ गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं. साथ ही वह 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी न्यूजीलैंड में गेंदबाजी करने के लिए बेताब हैं. उनका मानना है कि वैभव के भारतीय टीम में होने से उन्हें किसी तरह की हैरानी नहीं हुई.
वैभव सूर्यवंशी और लॉकी फर्ग्यसून
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में 15 साल वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वैभव को भारतीय टीम में शामिल किए जाने पर उन्हें किसी तरह की हैरानी नहीं हुई है. सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ 22 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है.
फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘मैं आईपीएल में उनके खिलाफ खेला था. वह वाकई प्रतिभाशाली हैं. उनकी प्रतिभा बेमिसाल है. उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया जाना कोई हैरानी की बात नहीं है. उन्होंने आईपीएल के अब तक जो दो सत्र खेले हैं उनमें उनका प्रदर्शन असाधारण रहा है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं न्यूजीलैंड में उनकी चुनौती का सामना करने के लिए उत्सुक हूं. उनका न्यूजीलैंड में यह पहला अनुभव होगा. मुझे नहीं पता कि उन्होंने पहले यहां क्रिकेट खेली है या नहीं. यह एक शानदार सीरीज होगी.’’
आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी कर चुके हैं फर्ग्यूसन
न्यूजीलैंड और भारत के बीच पांच टी20, इतने ही वनडे और दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे. फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘हम इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं कि भारत की टीम बेहद मजबूत है. लेकिन न्यूजीलैंड में उनकी मेजबानी करना वाकई शानदार होगा.’’ यह 35 साल खिलाड़ी लगभग एक दशक से आईपीएल का हिस्सा रहा है. वह पूर्व चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स सहित पांच टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘आईपीएल में उनके खिलाफ और उनके साथ खेलना शानदार रहा है. इसलिए हम जानते हैं कि वह मैच की तैयारी कैसे करते हैं. भारतीय टीम में मेरे कई अच्छे दोस्त हैं.’’ उन्होंने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह न्यूजीलैंड की अनुकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक होंगे. फर्ग्यूसन ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि अर्शदीप न्यूजीलैंड में गेंदबाजी करने के लिए उत्सुक हैं, जहां गेंद थोड़ी ज्यादा स्विंग और उछाल लेती है.’’
चौथे और पांचवें वनडे में खेलेंगे फर्ग्यूसन
फर्ग्यूसन को भारत के खिलाफ चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में शामिल किया गया है. वह तीन साल बाद न्यूजीलैंड की वनडे टीम में वापसी करेंगे. इस प्रारूप में उन्होंने अपना आखिरी मैच विश्व कप 2023 में भारत के खिलाफ मुंबई में सेमीफाइनल के रूप में खेला था.
उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप नजदीक होने के कारण हम वनडे क्रिकेट ज्यादा खेल रहे हैं. विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मैंने खुद को फिट रखने के लिए कड़ी मेहनत की है ताकि मैं एकदिवसीय टीम के लिए फिर से अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकूं.’’