Last Updated:
Kanpur News: कानपुर और लखनऊ के बीच सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है. एनएचएआई जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के साथ ही उसके पास की 100 मीटर एप्रोच रोड और रामादेवी से पुल तक की सड़क को भी ठीक कराएगा, जिससे जाम की समस्या खत्म होगी. एक बार फिर से लखनऊ के लिए वाहन फर्राटा भरेंगे. दरअसल, जाजमऊ गंगा पुल के पास सड़क की हालत काफी समय से खराब थी. बारिश के दौरान आसपास के टीला क्षेत्र से पानी सड़क पर आने के कारण स्थिति और बिगड़ गई थी. पानी के बहाव से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और बजरी फैल गई थी.
कानपुर: कानपुर से लखनऊ आने-जाने वाले राहगीरों के लिए राहत की खबर है. जाजमऊ गंगा पुल के पास अब केवल पुल की मरम्मत ही नहीं होगी, बल्कि इसके साथ करीब 100 मीटर एप्रोच रोड को भी नए सिरे से दुरुस्त कराया जाएगा. सड़क पर गड्ढे और बजरी फैली होने के कारण वाहन चालकों को यहां पहुंचते ही अपनी रफ्तार कम करनी पड़ती थी. इससे अक्सर जाम लग जाता था और लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता था. अब एनएचएआई ने पुल के साथ एप्रोच रोड को भी ठीक कराने का फैसला किया है. इससे उम्मीद है कि राहगीरों को इस रास्ते पर बार-बार ब्रेक नहीं लगाना पड़ेगा और उनका सफर पहले से आसान होगा.
बारिश से खराब हो गई थी सड़क
दरअसल, जाजमऊ गंगा पुल के पास सड़क की हालत काफी समय से खराब थी. बारिश के दौरान आसपास के टीला क्षेत्र से पानी सड़क पर आने के कारण स्थिति और बिगड़ गई थी. पानी के बहाव से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे और बजरी फैल गई थी. ऐसे में जब वाहन पुल के पास पहुंचते थे, तो चालकों को अचानक गति कम करनी पड़ती थी. पीछे से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन जाती थी. खासकर लखनऊ की ओर जाने वाले लोगों को इस परेशानी का सामना करना पड़ता था.
पुल के साथ एप्रोच रोड भी होगी दुरुस्त
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 16 सितंबर से जाजमऊ गंगा पुल पर डायवर्जन लागू कर मरम्मत का काम शुरू कराया था. अब पुल के साथ करीब 100 मीटर एप्रोच रोड को भी ठीक कराया जाएगा. एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त करने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी. गड्ढों और उखड़ी सड़क के कारण चालकों को जिस परेशानी का सामना करना पड़ता था, उससे भी राहत मिलेगी. एनएचएआई निदेशक पंकज यादव ने बताया कि जाजमऊ के पास टीला क्षेत्र से बारिश का पानी सड़क पर आता था. इसके चलते सड़क पर गड्ढे हो गए थे और बजरी फैल गई थी. इससे वाहन चालकों को परेशानी होती थी और उनकी रफ्तार कम होने के कारण जाम लगता था. अब पुल के साथ क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड को भी ठीक कराया जा रहा है, ताकि वाहन बिना किसी परेशानी के निकल सकें.
रामादेवी से पुल तक भी सुधरेगी सड़क
जाजमऊ गंगा पुल के पास एप्रोच रोड को ठीक कराने के साथ रामादेवी से पुल तक सड़क की हालत भी सुधारी जाएगी. एनएचएआई निदेशक पंकज यादव के मुताबिक, रामादेवी के पास सड़क का एक हिस्सा खराब हो गया है. इसे ठीक करने के लिए हॉटमिक्स प्लांट शुरू कराया जा रहा है. इस हिस्से में नए सिरे से सड़क बनाई जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, अगले 10 से 15 दिनों में रामादेवी के पास सड़क का काम पूरा होने की उम्मीद है.
लखनऊ जाने वालों को मिलेगी राहत
मौजूदा समय में लखनऊ और कानपुर के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए जाजमऊ गंगा पुल का रास्ता काफी अहम है. ऐसे में पुल के आसपास सड़क खराब होने से यातायात पर सीधा असर पड़ता है. एप्रोच रोड और रामादेवी से पुल तक के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत होने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है. सड़क ठीक होने के बाद गड्ढों के कारण लगने वाले ब्रेक और धीमी रफ्तार से होने वाली परेशानी कम होगी. इससे राहगीर बिना बार-बार रुकावट के लखनऊ तक का सफर तय कर सकेंगे.