बिहार आज का मौसमः चंपारण समेत 7 जिलों में हल्की बूंदाबांदी, बाकी जगह खिलेगी धूप, 15 अक्टूबर तक मानसून की विदाई

बिहार आज का मौसमः चंपारण समेत 7 जिलों में हल्की बूंदाबांदी, बाकी जगह खिलेगी धूप, 15 अक्टूबर तक मानसून की विदाई


पटना: बिहार में आज यानी रविवार को मौसम पूरी तरह से सामान्य रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, उत्तर बिहार के सात जिलों में स्थानीय मौसमी बदलाव के कारण हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर और सीतामढ़ी शामिल हैं.

बाकी जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
चंपारण और आसपास के इलाकों को छोड़कर बिहार के बाकी सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. इस दौरान दिन और रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगर बीते 24 घंटों की बात करें तो बेगूसराय, बेतिया, खगड़िया, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, लखीसराय और मुजफ्फरपुर में बारिश दर्ज की गई है. राजधानी पटना की बात करें तो यहां सुबह हल्के बादल छाए रहे, जिसके बाद तेज धूप निकल आई.

बिहार से मानसून की विदाई का समय नजदीक
राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया लगातार जारी है. पिछले एक सप्ताह से मानसून की वापसी रेखा सुपौल से होकर गुजर रही है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 12 से 15 अक्टूबर के बीच बिहार से मानसून पूरी तरह विदा हो सकता है. हालांकि, विभाग ने अभी तक मानसून की पूर्ण वापसी की कोई आधिकारिक तारीख तय नहीं की है.

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार, थाईलैंड के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. यह सिस्टम 11 अक्टूबर के आसपास अंडमान सागर में पहुँच सकता है. इसके बाद 13 अक्टूबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बनने की संभावना है. इस नए सिस्टम का बिहार के मौसम पर कितना असर पड़ेगा, यह इसकी आगे की दिशा और मजबूती पर निर्भर करेगा.

कमजोर पड़े मौसमी सिस्टम
फिलहाल बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बारिश कराने वाले ज्यादातर मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं. इसी वजह से राज्य भर में तेज या व्यापक बारिश के आसार काफी कम हैं.

पटना में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी पटना में आज मौसम सामान्य बना रहेगा. दिन के समय आसमान साफ रहेगा या हल्के बादल आ-जा सकते हैं. यहाँ बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है. दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय मौसम सुहावना बना रहेगा.

अक्टूबर महीने में अब तक 33% कम बरसे बादल
इस साल अक्टूबर की शुरुआत से ही बिहार में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में अब तक 34 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी. इसके मुकाबले राज्य में केवल 24.4 मिलीमीटर बारिश ही हुई है, जो सामान्य से लगभग 33 प्रतिशत कम है.

शनिवार को प्रमुख शहरों का तापमान
शनिवार को दर्ज किए गए तापमान के अनुसार, कैमूर राज्य में सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा पटना में 30 डिग्री, गया में 29.4 डिग्री, भागलपुर में 29.7 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 27 डिग्री और पूर्णिया में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.



Source link