यशस्वी जायसवाल की आखिरी क्या मजबूरी है? बैटिंग छोड़ विकेटकीपिंग पर उतरे
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को हाल ही में विकेटकीपिंग करते हुए देखा गया था. इस पर अब पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने यशस्वी को सलाह दी है. वसीम जाफ ने यशस्वी को साफ तौर पर कहा है कि वह सिर्फ अपने बैटिंग पर ध्यान दें. उन्हें विकेटकीपिंग करने की कोई जरूरत नहीं है.
यशस्वी जायसवाल
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को हाल ही में विकेटकीपिंग करते हुए देखा गया था. वैसे तो यशस्वी विशुद्ध रूप से बाएं हाथ के ओपनर बल्लेबाज हैं, लेकिन उन्हें विकेटकीपिंग करते हुए देखकर कई लोगों को हैरानी हुई, जिनमें पूर्व दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर भी शामिल हैं. यही कारण है कि जाफर ने यशस्वी को सिर्फ अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करने की नसीहत दे डाली.
यशस्वी जायसवाल की विकेटकीपिंग पर वसीम जाफर ने कहा, “जब मैंने यह सुना तो मुझे भी हैरानी हुई. अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह बहुत मुश्किल काम है. सबसे पहली बात, यह बहुत मेहनत वाला काम है. इसके अलावा अगर वह शुरू भी करते हैं, तो जगह कहां है? ईशान किशन, संजू सैमसन और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी पहले से ही हैं. मुझे यकीन है कि वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में ऐसा करना चाहते हैं.”
आखिर विकेटकीपिंग में क्यों आना चाहते हैं यशस्वी?
इसमें कोई शक नहीं है कि यशस्वी जायसवाल एक बेहतरीन क्रिकेटर हैं. उन्हें जिस भी फॉर्मेट में मौका मिला, उन्होंने उसे भुनाया, लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत यह आ रही है कि जिस पोजीशन पर वह खेलते हैं, वहां लिमिटेड ओवरों में उनके लिए जगह नहीं बन पा रही है. यही वजह है कि यशस्वी सिर्फ टेस्ट मैचों तक सिमट कर रह गए हैं.
दूसरी तरफ वनडे और टी20 की बात करें तो जब तक टीम में रोहित शर्मा हैं, ओपनिंग स्लॉट उनके लिए खाली नहीं होगा. मिडिल ऑर्डर में एक से बढ़कर एक धाकड़ खिलाड़ी हैं, जिनकी जगह यशस्वी को फिट नहीं किया जा सकता है. टी20 में भी वही कहानी है. अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी सभी काबिल ओपनर हैं. शायद यही वजह है कि यशस्वी विकेटकीपिंग के माध्यम से अब अपने लिए सफेद गेंद क्रिकेट में एंट्री चाह रहे हैं.