Last Updated:
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा इन दिनों रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद रिकवरी कर रही हैं. बाली में हुए हादसे के बाद सर्जरी से गुजर चुकीं नुसरत ने अब सोशल मीडिया पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने सूर्यास्त की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त’, जो उनके कॉन्फिडेंस और सोच को दिखाता है. फिलहाल एक्ट्रेस कुछ हफ्तों तक काम से दूर रहकर अपनी सेहत पर ध्यान देंगी.
नुसरत भरूचा की पहली पोस्ट (फोटो साभार: Instagram@nushrrattbharuccha)
नई दिल्ली. बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री नुसरत भरूचा हाल ही में बाली में एक हादसे का शिकार हो गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेत्री की रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई, जिसके बाद उन्हें बैठने और खड़े होने में मुश्किल हो रही है. अब एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक फोटो शेयर कर अपडेट शेयर किया है. जानिए फोटो में क्या है खास.
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा ने रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के बाद सोशल मीडिया पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया है. बाली में हुए हादसे के बाद उनका इलाज चल रहा है. इस मुश्किल वक्त में भी नुसरत ने हिम्मत नहीं हारी है और जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर काम पर लौटने की उम्मीद जताई है.
नुसरत भरूचा ने शेयर की पहली पोस्ट
नुसरत भरूचा ने शनिवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की. इसमें खिड़की के पास खाली रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर दिखाई दे रही है और बाहर सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा नजर आ रहा है. इस तस्वीर के साथ नुसरत ने जिंदगी में अचानक आने वाले बदलावों को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं. उन्होंने लिखा, “मैं हमेशा से सूर्यास्त के पीछे भागती रही हूं. और अचानक मेरा नजारा ही बदल गया. लेकिन मेरे दोस्त, पिक्चर अभी बाकी है.उनके इस संदेश से साफ है कि चोट के कारण उनकी जिंदगी की रफ्तार फिलहाल धीमी जरूर हुई है, लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी है. वह जल्द ही स्वस्थ होकर पहले की तरह सक्रिय होने की राह देख रही हैं.
नुसरत भरूचा की पोस्ट मिली फैंस को राहत
(फोटो साभार: Instagram@nushrrattbharuccha)
बाली में हादसे के बाद हुई रीढ़ की हड्डी की सर्जरी
नुसरत भरूचा बाली में काम और छुट्टियां बिताने के लिए गई थीं. इसी दौरान उनके साथ एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया. इसके बाद उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई. हादसे के बाद अभिनेत्री की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर उनकी सेहत की जानकारी दी थी. बयान में बताया गया था कि उस समय नुसरत की सेहत सबसे बड़ी प्राथमिकता थी और उन्हें जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही थी.
कुछ हफ्तों तक काम से रहेंगी दूर
नुसरत की टीम ने यह भी बताया था कि चोट और सर्जरी के बाद उन्हें आराम करने और ठीक होने के लिए समय चाहिए. इसी वजह से आने वाले कुछ हफ्तों के लिए उनके काम से जुड़े कार्यक्रम फिलहाल रोक दिए गए हैं. टीम ने लोगों से अभिनेत्री की निजता का सम्मान करने और उन्हें ठीक होने के लिए समय देने की अपील भी की थी. साथ ही, नुसरत के लिए चिंता जताने और शुभकामनाएं भेजने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया गया था.अब चोट के बाद नुसरत की पहली सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने से उनके प्रशंसकों को उनकी हिम्मत और सकारात्मक सोच की झलक मिली है. सभी को उम्मीद है कि वह जल्द स्वस्थ होकर दोबारा अपने काम पर लौटेंगी.