लखनऊ में बन रहा 7 मंजिला रेलवे स्टेशन, रेस्टोरेंट से लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक की होगी सुविधा, ट्रेन पकड़ने नहीं जाना पड़ेगा चारबाग

लखनऊ में बन रहा 7 मंजिला रेलवे स्टेशन, रेस्टोरेंट से लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक की होगी सुविधा, ट्रेन पकड़ने नहीं जाना पड़ेगा चारबाग


लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे स्टेशन जहां से अब तक मालगाड़ियों का संचालन होता था अब वहां से जल्द ही यात्रियों के लिए ट्रेन की सुविधाएं शुरू होने वाली है. इसके पीछे की मुख्य वजह चारबाज रेलवे स्टेशन ट्रेनों और यात्रियों का दबाव कम करना है. यह स्टेशन करीब 420 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा. खास बात यह है कि कानपुर रोड और दक्षिणी लखनऊ के आसपास रहने वाले लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए हर बार चारबाग तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह रेलवे स्टेशन 7 मंजिला बन रहा है, जिस पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रेस्टोरेंट और होटल जैसी सभी लग्जरी सुविधाएं मिलेंगी.

मौजूदा समय में लखनऊ में ट्रेनों का मुख्य केंद्र चारबाग ही है. यहां यात्रियों की आवाजाही और ट्रेनों के संचालन का दबाव लगातार बना रहता है. ऐसे में ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन को यात्री सेवाओं से जोड़ने की योजना शहर के रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अहम मानी जा रही है. यह स्टेशन चारबाग से करीब 10 से 12 किलोमीटर दूर है और कानपुर रोड के पास स्थित है.

किन लोगों को फायदा?
इसका फायदा ट्रांसपोर्ट नगर, शारदा नगर, कृष्णा नगर और आसपास के इलाकों में रहने वाले यात्रियों को मिल सकता है. हरदोई, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन एक अतिरिक्त विकल्प बन सकता है. रेलवे की योजना के तहत यहां से लंबी दूरी की और तेज रफ्तार ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं. अब किन-किन ट्रेनों का इस स्टेशन से संचालन होगा , यह रेलवे की अंतिम मंजूरी पर निर्भर करेगा.

तीन प्लेटफॉर्म और छह रेल लाइनें, आधुनिक सुविधाओं पर जोर
ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन को सिर्फ ट्रेनों के ठहराव तक सीमित रखने के बजाय यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. योजना में तीन प्लेटफॉर्म और छह रेल लाइनें शामिल हैं. करीब 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में तैयार हो रहा यह स्टेशन सात मंजिला होगा. यहां यात्रियों के लिए टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट मशीन, एसी लाउंज, पानी की सुविधा और बैठने के इंतजाम किए जा रहे हैं.

स्टेशन की इमारत में व्यावसायिक सुविधाओं की भी योजना है. प्रस्ताव के मुताबिक, चार मंजिलों पर होटल, रेस्टोरेंट और शॉपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं. इसके अलावा, करीब 1,250 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने की योजना भी इस परियोजना का हिस्सा है. इससे स्टेशन की बिजली जरूरतों के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

मेट्रो और एयरपोर्ट तक पहुंच होगी आसान
इस स्टेशन की एक बड़ी खासियत इसकी कनेक्टिविटी है. ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन रेड लाइन से जुड़ा है. यहां से यात्री मेट्रो के जरिए चारबाग और अमौसी एयरपोर्ट की ओर जा सकेंगे. आलमबाग बस टर्मिनल भी कुछ किलोमीटर की दूरी पर है. कानपुर रोड और शहीद पथ से संपर्क होने के कारण सड़क मार्ग से स्टेशन तक पहुंचना भी आसान हो सकता है. रेलवे की ओर से स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए जरूरी सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. ऐसे में स्टेशन के तैयार होने के साथ अब सबकी नजर इस बात पर है कि यहां से नियमित यात्री सेवाएं कब शुरू होती हैं.

लखनऊ के रेल नेटवर्क को मिलेगा नया विकल्प
ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन का महत्व केवल एक नया स्टेशन बनने तक सीमित नहीं है. यह लखनऊ में रेल यात्रियों का दबाव अलग-अलग केंद्रों पर बांटने की योजना का हिस्सा है. अगर यहां से यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू होता है, तो दक्षिणी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सकती है. साथ ही, चारबाग स्टेशन पर भीड़ और संचालन संबंधी दबाव कम करने में मदद मिल सकती है. लखनऊ में मेट्रो, सड़क और रेल कनेक्टिविटी को जोड़ने के लिहाज से यह परियोजना अहम है. अब इसके अगले चरण में यात्री सेवाएं शुरू होना सबसे महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि असली फायदा तभी मिलेगा जब लोग इस स्टेशन से नियमित रूप से अपनी यात्रा कर सकेंगे.



Source link