कम झंझट, कम बीमारी, ज्यादा कमाई! बस्तर के किसानों की पसंद बनी बींस की खेती
Last Updated:
Beans Farming: बस्तर के किसान बरसात के मौसम में बींस की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. तीन से चार महीने में होने वाली इस खेती से किसानों को एक लाख रुपये से अधिक की कमाई हो रही है.
Beans Farming: बस्तर के किसान बींस की खेती से अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. आमतौर पर ठंड में होने वाली इस खेती को किसान बरसात के मौसम में भी कर रहे हैं, जिससे कम समय में अधिक कमाई हो रही है. बस्तर में किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जियों की खेती से भी अच्छी कमाई कर रहे हैं. बरसात के मौसम में किसान बींस की खेती कर रहे हैं, जिससे उन्हें तीन से चार महीने में एक लाख रुपये तक का मुनाफा होने की संभावना है. इस खेती में ज्यादा झंझट नहीं होता है और बीमारियों का प्रकोप भी कम रहता है.
बींस की खेती से अच्छी कमाई
फिलहाल बाजार में बींस की कीमत 60 से 70 रुपये प्रति किलो चल रही है. किसान एक एकड़ में बींस की खेती कर एक लाख रुपये से अधिक की कमाई कर रहे हैं. बरसात के मौसम में किसान सब्जियों की खेती में कम लागत लगाकर अच्छी कमाई कर सकते हैं.
खेती करने की प्रक्रिया
लोकल 18 की टीम ने बींस की खेती करने वाले किसान समूह कश्यप से बातचीत की. समूह कश्यप बताते हैं कि सबसे पहले दो से तीन बार जमीन की अच्छी तरह जुताई कर लेनी चाहिए. इसके बाद रोटावेटर चलाकर बीज बोना चाहिए. इसमें बेड से बेड की दूरी तीन फीट और पौधे से पौधे की दूरी एक फीट रखी जाती है. इसमें गोबर की खाद, डीएपी और पोटास का उपयोग किया जाता है. इस खेती में लगभग 60 से 70 हजार रुपये का खर्च आया है और बींस की किस्म स्टू बेस्ट वैरायटी है.
बीमारियों से बचाव और लागत
इसमें बीमारियों का प्रकोप ज्यादा नहीं होता है, लेकिन कुछ बीमारियां पौधों को खराब कर सकती हैं. बरसात के दिनों में ज्यादा पानी के कारण पत्तों में पीलापन आ गया है. इसके अलावा, समय-समय पर कीटनाशक का छिड़काव करते रहना चाहिए. बीमारियों से बचाव के लिए आटा बोरन और भी दवाइयों का छिड़काव करते हैं. किसान बताते हैं कि उन्होंने इसी साल से सब्जियों की खेती शुरू की है.
इस खेती से एक से डेढ़ लाख रुपये तक का मुनाफा होने की संभावना है. बींस की खेती में ज्यादा झंझट का काम नहीं होता है और तीन से चार महीने में यह मुनाफा मिल सकता है.