Dhruv Rathee Detain: जंतर-मंतर प्रोटेस्ट से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम वाले घर से उठाया

Dhruv Rathee Detain: जंतर-मंतर प्रोटेस्ट से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम वाले घर से उठाया


गुरुग्राम : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके आवास पर पहुंची. बताया जा रहा है कि ध्रुव राठी की मां के दरवाजा खोलते ही पुलिसकर्मी घर के अंदर दाखिल हो गए. सूत्रों के अनुसार, पुलिस की करीब 50 सदस्यीय टीम देर रात से ही उनके घर के बाहर मौजूद थी. इसके बाद पुलिस ध्रुव राठी को अपने साथ ले गई. हालांकि, उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

हालांकि, CJP के X हैंडल पर किए गए एक पोस्ट के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी गुरुग्राम स्थित ध्रुव राठी के घर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया.

(साभार- एक्स @CJP_for_India)

कौन हैं ध्रुव राठी?

ध्रुव राठी एक भारतीय यूट्यूबर, वीडियो क्रिएटर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी हैं. उनका जन्म 8 अक्टूबर 1994 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था. उनके कंटेंट में राजनीति के अलावा सामाजिक मुद्दे, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और समसामयिक घटनाएं भी शामिल रहती हैं.  उनका नाम खास तौर पर ऐसे वीडियो के लिए जाना जाता है, जिनमें वह किसी मुद्दे को आंकड़ों, उदाहरणों और विजुअल्स के जरिए समझाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई हरियाणा में की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए जर्मनी गए. उन्होंने जर्मनी के कार्लज़ूहे प्रौद्योगिकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री और रिन्यूवल एनर्जी इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की. उनकी इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि उनके शुरुआती कंटेंट में भी दिखाई देती थी, जहां तकनीक और पर्यावरण जैसे विषयों पर उनका ध्यान रहा.

उन्होंने यूट्यूब पर शुरुआत एक ट्रैवल व्लॉग से की थी. बाद में उनका कंटेंट धीरे-धीरे सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों की तरफ बढ़ा. एल-जजीरा के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनका पहला वीडियो ट्रैवल व्लॉग था, जिसे उन्होंने आईफोन 5एस से शूट किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2013 के आसपास उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया था और शुरुआती दौर में तकनीक तथा पर्यावरण से जुड़े विषयों पर काम किया. बाद में राजनीतिक और सामाजिक मुद्दे उनके चैनल का बड़ा हिस्सा बन गए.

बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट, दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी

दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट को देखते हुए बहादुरगढ़ में पुलिस अलर्ट मोड पर है. दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी है. पुलिसकर्मी दिल्ली जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. संदिग्ध वाहनों और बसों की भी जांच की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नाकों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. पुलिस ने टिकरी बॉर्डर, झाड़ौदा बॉर्डर, यूईआर, रोहद टोल प्लाजा और कानोंदा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाके लगाए हैं. पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर की जा रही है.

सोनीपत में रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस कार्यकर्ता डिटेन, सिंधु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात

सोनीपत में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. स्टेशन परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. वहीं, दिल्ली जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. कुंडली-सिंधु बॉर्डर पर पुलिसकर्मियों के साथ वाटर कैनन, आंसू गैस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं. दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनों को भी रद्द किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.

किसान हुए डिटेन

गन्नौर थाना पुलिस ने सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर किसानों को डिटेन किया. किसान नेता वीरेंद्र पहल सीजेपी प्रोटेस्ट में कूच कर रहे थे. गन्नौर थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे 44 से डिटेन किया. भारतीय किसान यूनियन टिकैत के किसान थे गाड़ी में सवार. गन्नौर थाना प्रभारी किसानों को राई थाने में लेकर पहुंचे.



Source link