‘राजनीति आती नहीं है, मुख्यमंत्री बनने का कौन सा गुण है?’ पप्पू यादव का तेजस्वी यादव पर हमला, कांग्रेस को RJD से दूरी बनाने की सलाह

‘राजनीति आती नहीं है, मुख्यमंत्री बनने का कौन सा गुण है?’ पप्पू यादव का तेजस्वी यादव पर हमला, कांग्रेस को RJD से दूरी बनाने की सलाह


नई दिल्ली. पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है. पप्पू यादव ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. न्यूज 18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में पूर्णिया सांसद ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति नहीं आती. उन्होंने कहा कि लालू यादव सोनिया गांधी से संवाद करते थे, लेकिन आज की तारीख में कोई संवाद नहीं है. नई जनरेशन से उम्मीद मत कीजिए, खासतौर से लोकतांत्रिक मूल्यों की अपेक्षा इनसे नहीं रखना चाहिए. पप्पू यादव का साफ-साफ इशारा आरजेडी की नई पीढ़ी और नेता तेजस्वी यादव की तरफ था.

पप्पू यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने तेजस्वी यादव की राजनीतिक समझ पर सवाल खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें लालू यादव की विरासत मिली और इसी भरोसे नदिया पार हो जाने के बारे में सोच रहे हैं. बिहार में कांग्रेस और आरजेडी पिछला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़े थे, लेकिन अभी हो रहे एमएलसी चुनाव में दोनों दल अलग-अलग मैदान में हैं.

तेजस्वी यादव पर क्यों भड़के पप्पू यादव?

दरअसल, बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा की सीटिंग सीट पर भी उनके खिलाफ आरजेडी ने अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया है. इस बात को लेकर पप्पू यादव तेजस्वी से काफी खफा हैं और गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं. पप्पू यादव का कहना है, तेजस्वी यादव गठबंधन धर्म का सम्मान नहीं करते, अपने नेता बन जाते हैं. पप्पू यादव ने कहा, उनको (तेजस्वी यादव) पता नहीं है जेन जी और जेन अल्फा क्या सोच रही है और अभी भी वे 90 के दशक में जी रहे हैं. बिहार की जनता कांग्रेस की तरफ देख रही है.

क्षेत्रीय पार्टियों का क्या भरोसा?

कांग्रेस सबको लेकर साथ चलती है. लेकिन, क्षेत्रीय पार्टियां अपने कुकर्मों से बचने के के लिए कब बीजेपी की गोद में बैठ जाए, कब भाजपा की मदद करने लगे, उस पर मैं कुछ नहीं कह सकता. क्षेत्रीय पार्टियां अपने बारे में सोचती है देश के बारे में नहीं सोचती है और यही बिहार की स्थिति है. जब देश के बारे में सोचेंगे तब ना, बड़ा दिल होगा बड़ा दिल तो उनके पास है नहीं, लालू यादव के पास बड़ा दिल था.

MLC चुनाव में RJD-कांग्रेस की लड़ाई से नाराजगी

पप्पू यादव ने तेजस्वी यादव पर बिहार के कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी की अनदेखी का भी आरोप लगाया. पूर्णिया सांसद ने कहा, “यह ना हमारे अध्यक्ष का सम्मान करते हैं ना हमारे प्रभारी का सम्मान करते हैं.विधानसभा चुनाव में भी यही किया.” पप्पू यादव ने कहा यह मुख्यमंत्री बनने के लिए परेशान थे नहीं तो विधानसभा हम नहीं हारते.

मुख्यमंत्री बनने का उनमें कौन सा गुण?

तेजस्वी यादव की क्षमता पर सवाल खड़ा करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए उनमें (तेजस्वी यादव) कौन सा गुण है? कौन सा मुख्यमंत्री? कांग्रेस पार्टी डेमोक्रेटिक है इसलिए राहुल गांधी सम्मान देते हैं. हमेशा सम्मान देते हैं और आज भी सम्मान देते हैं, लेकिन यह तो लात मारने का काम करते हैं. दोनों नहीं चलेगा चित भी मेरी पट भी मेरी, यह नहीं चलेगी.

कांग्रेस को अकेले आगे बढ़ने की सलाह

पूर्णिया सांसद ने अब कांग्रेस को भी बिहार में सलाह दी कि कांग्रेस पार्टी को तेजस्वी यादव से दूरी बनाकर के आगे बढ़ना चाहिए, कांग्रेस बिहार में सबके खून में है, सांसों में है. बिहार में कांग्रेस को आगे तेजस्वी दूरी बनाकर आगे बढ़ना चाहिए. एक तरफ जहां दिल्ली में कांग्रेस के साथ आरजेडी हर प्रोटेस्ट में शामिल हो रही है, वहीं दूसरी तरफ, बिहार में दोनों दलों की प्रोटेस्ट में दूरी कई सवाल खड़ा कर रही है.



Source link