Last Updated:
Bihar News : बिहार में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर छापेमारी की है. उन पर ज्ञात आय से 135.23% फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. आरोपों के सत्यापन के बाद SVU की टीम तलाशी अभियान चला रही है.
SVU ने गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर छापेमारी की है.
गोविंद कुमार/पटना/गोपालगंज. बिहार में एक बार फिर विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई की है. गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर SVU की टीम ने छापेमारी की है. एडीएम राजेश्वरी पाण्डेय पर अपनी ज्ञात आय से 135.23% फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. आरोपों के सत्यापन के बाद SVU की टीम तलाशी अभियान चला रही है.
एसवीयू के एडीजी सुधांशु कुमार के मुताबिक, राजेश्वरी पाण्डेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत और आरोपों का सत्यापन किया गया. इसके बाद SVU की टीम ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी की कार्रवाई शुरू की. जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति और अन्य दस्तावेजों से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
47वीं BPSC बैच के अधिकारी हैं राजेश्वरी पाण्डेय
राजेश्वरी पाण्डेय बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं. वह बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 47वीं बैच के पदाधिकारी बताए जा रहे हैं. राजेश्वरी पाण्डेय 2010 में सरकारी सेवा में आए थे. गोपालगंज में अपर जिला दंडाधिकारी के पद पर तैनाती से पहले वह राज्य के अलग-अलग जिलों और विभागों में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. उनके पूर्व पदस्थापनों में पूर्णिया में सीनियर डिप्टी कलेक्टर, योजना एवं विकास विभाग में ओएसडी, धमदाहा में एसडीएम, बारसोई में एडीएम और मोतिहारी में आपदा प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारी शामिल रही है.
रोहतास जिले के रहने वाले हैं अधिकारी
राजेश्वरी पाण्डेय का मूल निवास बिहार के रोहतास जिले के करगहर क्षेत्र के ठोहसन गांव में बताया गया है. फिलहाल SVU की टीम छापेमारी कर तलाशी की कार्रवाई कर रही है. जांच के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी.